एचडीएफसी बैंक का एटीएम लूटने की फिराक में थे आरोपी
बल्लोमाजरा में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ के बाद दबोचे गए आरोपियों ने किया खुलासा
लूट को अंजाम देने के लिए कर रहे थे रेकी
खरड़ में पहले भी लूट चुके थे एक प्रॉपर्टी डीलर को
मकान मालिक पर दर्ज हुआ केस, नहीं करवाई थी किरायेदारों की वेरिफिकेशन
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। बल्लोमाजरा में वीरवार रात को पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ के बाद दबोचे गए तीनों आरोपी काफी शातिर थे। वे बल्लोमाजरा स्थित एचडीएफसी बैंक का एटीएम लूटने की फिराक में थे। इसके लिए वह बाकायदा रेकी भी कर रहे थे। इस लूट के बाद उन्होंने अन्य वारदात को भी अंजाम देना था। यह खुलासा शुक्रवार को एसएसपी हरचरन सिंह भुल्लर ने अपने कार्यालय में बुलाई प्रेस कांफ्रेंस में किया। उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान हो गई है। इनमें सुखदीप कुमार निवासी न्यू अनाज मंडी थाना सदर जिला जींद हरियाणा हाल निवासी सिरकपड़ा थाना सनौर जिला पटियाला, गुरप्रीत शर्मा निवासी थाना सनौर जिला पटियाला व रमन निवासी सदलैडा थाना शाहतलाई जिला बिलासपुर हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई। आरोपियों की उम्र 30 से 34 साल के बीच में है। आरोपियों पर सरकारी ड्यूटी में बाधा डालना, सरकारी मुलाजिमों पर हमला करना, आर्म्स एक्ट समेत कई अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। वहीं, पता चला है कि आरोपी डेढ़ साल से उक्त मकान में किराये पर रह रहे थे, लेकिन मकान मालिक ने किरायेदारों की वेरिफिकेशन नहीं करवाई थी, इसलिए मकान मालिक पर भी पुलिस ने केस दर्ज किया है।
जिक्रयोग है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव बल्लोमाजरा में कुछ लोग हथियारों के साथ छिपे हुए हैं। पुलिस ने वीरवार शाम को बल्लोमाजरा में दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने जब दरवाला खटखटाया तो आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग हुई। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पहले करता था ढाबा, फिर बन गया लुटेरा
एसएसपी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में सामने आया है सुखदीप पहले गांव बल्लोमाजरा में ही ढाबा चलाता था, लेकिन इसके बाद गलत आदतों में पड़ गया। साथ ही लूट व अन्य वारदातों को अंजाम देने लगा था।
गन प्वाइंट पर प्रॉपर्टी डीलर को लूटा था
आरोपियों ने पूछताछ में माना कि उन्होंने करीब एक साल पहले खरड़ में निझर की लाइटों पर एक प्रॉपर्टी डीलर से 70 हजार रुपये लूटे थे। इस संबंधी थाना सिटी खरड़ में केस दर्ज किया गया था।
फर्जी तरीके से बनाया था आधार कार्ड
आरोपियों से पूछताछ में यह भी बात सामने आई है कि सुखदीप ने आरोपी गुरप्रीत सिंह के आधार पर अपनी फोटो लगाकर जाली आधार कार्ड बनाया था। यह आधार कार्ड भी आरोपियों से बरामद हो गया है। पुलिस अब इसकी भी पड़ताल में जुट गई है।
कार चोरी या खरीदी, पुलिस कर रही जांच
एसएसपी ने बताया कि मौके से पुलिस ने हरियाणा नंबर की एक स्कोडा कार बरामद की थी। पुलिस पता लगाने में लगी हुई है कि उक्त कार चोरी की है या इन्होंने खरीदी है। पुलिस ने इसके लिए हरियाणा स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी से भी संपर्क किया है।
लोहे की रॉड समेत यह हथियार हुए बरामद
पुलिस को आरोपियों के घर से एक पिस्टल प्वाइंट 32 बोर समेत दो मैगजीन व दो कारतूस, कारतूस के तीन खोल प्वाइंट 32 बोर, एक पिस्टल प्वाइंट 12 बोर देसी समेत एक कारतूस, लोहे की रॉड व एक कार बरामद की। आरोपियों ने हथियार यूपी से मंगवाए थे।