नेपाली नौकर ने चार साल की मासूम से किया रेप
मां की शिकायत पर केस दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
डेराबस्सी। यहां की बरवाला रोड पर एक पॉश सोसायटी में एक नेपाली नौकर ने अपने मकान मालिक की चार साल की मासूम बेटी से दुष्कर्म किया। पुलिस ने पीड़ित लड़की की मां की शिकायत पर नौकर भीम बहादुर (34) के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
जांच अधिकारी एएसआई प्रवीण कौर के मुताबिक, पीड़ित बच्ची की मां ने बताया कि वे अपने पति, दस साल के बड़े बेटे व एक चार साल की बेटी के साथ दुबई रहती हैं। वहां उनके पति बिजनेस करते हैं और वे मूलरूप में दिल्ली के निवासी हैं। शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने करीब तीन महीने पहले उक्त सोसायटी में फ्लैट खरीदा था। यहां शिफ्ट होने के लिए वे फ्लैट में काम करवा रहे हैं। कुछ दिन पहले वे अपने बड़े बेटे को दिल्ली छोड़कर पति व बेटी को साथ लेकर यहां आ गए। उनके साथ पांच साल से रह रहा आरोपी नौकर भीम बहादुर भी था। तीन दिन पहले उसके पति दुबई चले गए थे और वह कार्य करवाने के लिए यहां पर रुक गईं।
शिकायतकर्ता ने बताया कि कल तबीयत खराब होने पर वे बरवाला रोड पर स्थित एक क्लीनिक में डाक्टर के पास दवा लेने गई थीं। बेटी की देखभाल के लिए नौकर घर पर ही था। रात को जब बेटी को वॉशरूम ले गईं तो उसे ब्लीडिंग हो रही थी। मां बच्ची को लेकर फौरन अस्पताल पहुंची तो डॉक्टरों ने बताया कि उसके साथ रेप हुआ है। डॉक्टर ने सूचना पुलिस को भी दी। पुलिस ने नौकर को तरंत गिरफ्तार कर लिया।
कोट
आरोपी नौकर के खिलाफ दुष्कर्म व पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। उसे सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
- इंस्पेक्टर महिंद्र सिंह, थाना प्रभारी