बंद घर को बनाया निशाना, नकदी और गहने ले गए चोर
आदर्श नगर की गली नंबर आठ में चोरों ने वारदात को दिया अंजाम
अमर उजाला ब्यूरो
डेराबस्सी।
आदर्श नगर, गली नंबर आठ में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाया। चोर घर से गहने और नकदी ले गए। चोरों ने उस समय वारदात को अंजाम दिया, जब मकान मालिक परिवार के साथ किसी कार्य से गया हुआ था।
जानकारी के अनुसार, गली नंबर आठ निवासी राजीव कुमार ने बताया कि वह एक निजी केमिकल कंपनी में जॉब करते हैं। रविवार को वह ताला लगाकर किसी काम से गए थे। इस दौरान उनका बेटा जब शाम में ट्यूशन से वापस आया तो उसने घर के अंदर हलचल सुनी। जब वह नजदीक गया तो घर में कुछ लोग मौजूद थे। जिन्होंने लड़के को भाग जाने को कहा। इस पर लड़के ने शोर मचा दिया, इसके बाद चोर पिछली दीवार फांदकर फरार हो गए।
मकान मालिक ने बताया कि चोर पचास हजार की नकदी व चार तोले सोने के गहने ले गए। शिकायतकर्ता ने डेढ़ लाख रुपये का नुकसान बताया है। शिकायतकर्ता ने बताया कि चोर घर की पिछली दीवार फांद कर अंदर घुसे थे। थाना प्रभारी गुरप्रीत सिंह बैंस ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद मौके का मुआयना कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस गली में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है।