मोहाली। गांव मटौर निवासी एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 25 वर्षीय चंदन के रूप में हुई है। वह मार्बल पत्थर से जुड़ा काम करता था। मटौर थाने के एसएचओ जगदेव सिंह ने बताया कि मृतक के परिजन यूपी के रहने वाले हैं। परिवार के मोहाली आने के बाद शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।
चंदन की मौत का वीरवार सुबह उस समय पता चला जब उसके भाई ने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन उसने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद भाई ने खिड़की से झांककर देखा तो चंदन का शव पंखे से झूल रहा था। सूचना मिलते ही मटौर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। वहीं, पता चला है मृतक का करीब 13 महीने पहले विवाह हुआ था। उसकी पत्नी गर्भवती है। पत्नी व अन्य सदस्य यूपी में एक समागम में शामिल होने गए थे। चंदन अपने छोटे भाई और दो बहनों के साथ गांव मटौर में रुक गया था। वह रात को पहले अपने परिवार के सदस्यों के साथ एक ही कमरे में सो रहा था। इस दौरान पता ही नहीं चला कि उसने दूसरे कमरे में जाकर कब फंदा लगा लिया। पुलिस को मौके पर किसी तरह का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।