मोहाली। एक कॉल सेंटर की महिला कर्मी से पता पूछने के बहाने उसे कार में बिठाकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने सोहाना थाने में दुष्कर्म व मारपीट का केस दर्ज किया है। वहीं, मामले में शिकायत मिलने पर उचित कार्रवाई न करने पर सोहाना थाने के एसएचओ दिलजीत सिंह को सस्पेंड कर दिया गया। इसकी पुष्टि एसएसपी हरचरन सिंह भुल्लर ने की। उन्होंने कहा कि मामले की जांच चल रही है। जल्दी ही आरोपी को काबू कर लिया जाएगा। हालांकि सूत्रों की मानें तो पुलिस ने आरोपी को काबू कर लिया है। पुलिस जल्द ही प्रेस कांफ्रेंस कर खुलासा कर सकती है।
जिस महिला की शिकायत पर दुष्कर्म का केस दर्ज हुआ है वह सेक्टर-66 के एक कॉल सेंटर में काम करती है। बुधवार को पुलिस टीम ने वारदात स्थल का दौरा किया, जहां महिला ने उसे कार में बिठाने की बात कही है। पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। वहीं, महिला जहां काम करती है, वहां उसके आने और जाने का रिकॉर्ड भी चेक किया गया।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
यह मामला मंगलवार का है। पीड़िता का कहना है कि वह ड्यूटी करके घर लौट रही थी, तभी पता पूछने के बहाने आरोपी ने अपनी कार रोकी और रास्ता पूछने के बहाने उसे कार में बिठा लिया। आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकियां दी और गांव संभालकी व नानूमाजरा में एक जगह पर ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता किसी बहाने से कार से निकली और भागकर अपनी जान बचाई। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
मजदूर का फोन लेकर पति को कॉल की
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वारदात के बाद वहां पर काम करती लेबर पहुंच गई। फिर महिला ने मजदूर का फोन लेकर अपने पति को फोन पर इस संबंधी कॉल की। इसके बाद पीड़िता ने पति के साथ सोहाना थाने में पहुंचकर शिकायत दी।
इस आरोप में एसएचओ को किया सस्पेंड
एसएसपी ने बताया कि मामले की शिकायत मिलने के बाद थाना सोहाना के एसएचओ ने जरूरी कार्रवाई नहीं की। एसएचओ ने स्वयं वारदात स्थल पर जाने के बजाय एक हवलदार को मौके पर भेज दिया। साथ ही इस मामले को बिना वजह लटकाया गया, जिसके चलते एसएचओ को सस्पेंड किया गया।
आरोपी ने खुद का नाम लक्की बताया
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने अपना नाम लक्की बताया था। वहीं, जो पीड़िता ने कार की जो पहचान बताई है, पुलिस उसकी भी जांच में जुटी है। बताया जाता है कि पुलिस के हाथ कुछ फुटेज भी लगी हैं।