शादी के लिए मजबूर करने पर युवती ने किया सुसाइड
पिता-भाई को जान से मारने की मिल रही धमकियों से भी थी परेशान
पुलिस ने कनाडा में रहते लड़के और उसके माता-पिता के खिलाफ किया केस दर्ज
लड़के के पिता हवलदार गुरमीत सिंह को पुलिस ने किया गिरफ्तार, सोमवार को किया जाएगा अदालत में पेश
19 वर्षीय प्रतीक्षा राजपुरा के एक निजी कालेज में बीसीए भाग-3 में कर रही थी पढ़ाई
अमर उजाला ब्यूरो
बनूड़/लांडरां। गांव सलेमपुर नगल की 19 वर्षीय युवती ने उसके साथ पढ़ने वाले सहपाठी और उसके माता-पिता द्वारा शादी के लिए मजबूर करने और पिता व भाई को जान से मारने की मिल रही धमकियों से तंग आकर जहरीला पदार्थ खाकर सुसाइड कर लिया। शादी के लिए युवती को मजबूर करने वाला लड़का कनाडा में पढ़ाई करने गया हुआ है जबकि उसका पिता पंजाब पुलिस में हवलदार है और मोहाली में तैनात है। पुलिस ने आरोपी लड़के और उसके माता-पिता के खिलाफ धारा 306 के तहत केस दर्ज करके आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी निर्मल सिंह और जांच अधिकारी बलकार सिंह ने बताया कि युवती प्रतीक्षा जोशी के पिता प्रिंस जोशी वासी सलेमपुर नगल ने शिकायत दी कि उनकी लड़की राजपुरा के एक निजी कालेज में बीसीए भाग-3 में पढ़ाई कर रही थी। एक साल पहले उसके साथ पढ़ते सुखदीप सिंह के साथ प्रतीक्षा की दोस्ती हो गई। सुखदीप एक वर्ष पहले पढ़ाई करने कनाडा में चला गया। इसके बाद दोनों की बातचीत नहीं हुई। कुछ महीने पहले सुखदीप के कनाडा से फोन आने लगे। फोन पर वह प्रतीक्षा को शादी के लिए कहता रहा। प्रतीक्षा उसको हर बार कहती थी कि वह अच्छे दोस्त हैं और उसके साथ शादी नहीं कर सकती। इसके बाद आरोपी सुखदीप अपने पिता गुरमीत सिंह जो पंजाब पुलिस में हवलदार बतौर मोहाली के फेस-8 के थाने में तैनात हैं, से फोन कराने लगा। गुरमीत सिंह और सुखदीप की मां ने प्रतीक्षा को विवाह न कराने पर उसके पिता व भाई को जान से मारने की धमकी देने लगे। प्रतीक्षा ने दो दिन पहले सारी बात अपने परिजनों को बताई तो उन्होंने सुखदीप के परिजनों से बात की और विरोध दर्ज कराया। इसके बाद युवती ने बनूड़ में रहते अपने भाई को भी सारी बात बताई। शनिवार सुबह प्रतीक्षा के परिजन बनूड़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी कर रहे थे, परंतु बुरी तरह सहमी प्रतीक्षा ने अपने परिजनों की बेइज्जती को बर्दाश्त न करते हुए शनिवार सुबह 10 बजे कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया। इसके बाद उसे उलटियां लग गईं। परिजन उसे बनूड़ के निजी अस्पताल में ले गए जहां लंबे समय तक वह डॉक्टरों की निगरानी में रही परंतु देर शाम को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी लड़के सुखदीप सिंह, उसके पिता गुरमीत सिंह और माता के खिलाफ धारा 306 के तहत मामला दर्ज कर लिया।
थाना प्रभारी निर्मल सिंह ने बताया कि गुरमीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है जबकि उसकी पत्नी और बेटा गिरफ्त से बाहर हैं। गुरमीत को सोमवार को मोहाली की अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस ने रविवार को युवती के शव का डेराबस्सी के सरकारी अस्पताल से पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। दोपहर बाद युवती का गांव के शमशानघाट में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
फोटे कैप्शन: प्रतीक्षा जोशी का फाइल फोटो।