बीएसएनएल के तार चुराने वाला निकला इंटर स्टेट गिरोह
गिरोह मोहाली के अलावा हरियाणा और राजस्थान में भी है सक्रिय
हरियाणा पुलिस की जांच में सामने आई बात, पंजाब पुलिस को भेजा अलर्ट
लोगों को दी नसीहत, संदिग्ध हालात में तुरंत करें पुलिस को सूचित
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली।
जिले में बीएसएनएल की अंडरग्राउंड केबल चुराने वाला गिरोह इंटरस्टेट निकला। यह बात हरियाणा पुलिस की जांच में सामने आई है। यह गिरोह हरियाणा, राजस्थान और पंजाब के विभिन्न इलाकों से बीएसएनएल के चार चोरी कर चुका है। हरियाणा पुलिस ने इस संबंध में पंजाब पुलिस को अलर्ट भेजा है। पुलिस ने इस संबंध में लोगों से भी सहायता मांगी है। पुलिस का कहना है कि कहीं भी संदिग्ध हालात में खुदाई होते देखें तो तुरंत इस बारे में तुरंत पुलिस को सूचित करें। ताकि इस गिरोह पर नकेल कसी जा सके।
इस गिरोह की पोल उस समय खुली, जब भिवानी में जेसीबी की मदद से खुदाई कर बीएसएनएल के तारों को काटा। जिससे बीएसएनएल की सर्विस ठप हो गई थी। इसके बाद बीएसएनएल ने लाइन की मरम्मत का काम शुरू कर वहां की पुलिस को इस बारे में शिकायत दी थी। इसके बाद जब पुलिस ने इस मामले की पड़ताल की तो पता चला कि तार चोरी करने वाला इंटर स्टेट गिरोह है। जो कई इलाकों में वारदात को अंजाम दे चुका है। इस गिरोह के गुर्गे योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम देते हैं। अब जिला पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है।
गिरोह ने मोहाली में तीन वारदात को दिया अंजाम
इस गिरोह ने मोहाली में तीन वारदातों को अंजाम दिया था। सबसे पहले फेज-3/5 की लाइटों पर फेज-2 की तरफ जाने वाली केबल काटकर ले गए थे। इससे करीब सात हजार फोन दो हफ्तों तक बंद रहे थे। इसके बाद गिरोह ने फेज-3बी2 की मार्केट के सामने फुटओबर ब्रिज के नीचे अंडरग्राउंड केवल काटी थी। इससे पांच हजार फोन और इंटरनेट ठप हो गए थे। इस दौरान कई दिन तक फोन सेवा बंद रही थी। इसके बाद गिरोह ने फेज-7 मेें मटौर थाने के सामने वारदात को अंजाम दिया था। इस संबंध में बीएसएनएल की तरफ से तीन थानों में शिकायत दर्ज करवाई गई, लेकिन अब तक गिरोह का पता नहीं चल पाया है।
पुलिस को भी चकमा दे चुका है गिरोह
सूत्रों से पता चला है कि जब मोहाली में गिरोह ने वारदात को अंजाम दिया था। उस समय पीसीआर पार्टी वहां से गुजर रही थी। पुलिसकर्मी ने खुदाई कर रहे लोगों से पूछा था कि क्या कर रहे हो। उनका कहना था कि वह दिल्ली से आए हैं। बीएसएनएल की लाइन खराब हो गई है। उसे रात में बदलकर जाना है, इसके बाद पुलिसकर्मी चले गए थे।
आईकार्ड व दस्तावेज मांगकर चेक करें
बीएसएनएल के जानकारों की माने तो उनकी टीम आपात स्थिति में रात में भी काम करती है। इसके अलावा किसी को संदेह होने पर तुरंत काम कर रहे मुलाजिमों से आईकार्ड मांगकर चेक करें। अगर कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है तो इस बारे में तुरंत पुलिस को सूचित करें, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाए।