ट्रैफिक लाइटों की बैटरियां चोरी करने वाला काबू
मोहाली। ट्रैफिक लाइटों की बैटरियां चोरी करने वाले गिरोह के सदस्य को पुलिस ने दबोचने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान अरुण झा के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस स्टेशन फेज-11 में आईपीसी की धारा 379, 511 के तहत केस दर्ज किया है। उसे अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
तेजिंद्र सिंह ने पुलिस को शिकायत दी थी कि वह नगर निगम ऑफिस में जूनियर इंजीनियर के पद पर तैनात है। वे अपनी टीम के साथ पीसीए स्टेडियम फेज-9/10 चौक पर ट्रैफिक सिग्नल चेक करने के लिए जा रहे थे तो देखा कि एक व्यक्ति पहले से ही ट्रैफिक सिग्नल का पैनल खोल कर खड़ा है। वह व्यक्ति पैनल में से कंट्रोलर तथा बैटरियां चोरी कर रहा था। टीम ने उस व्यक्ति को चोरी करते पकड़ लिया। उसके हाथ में एक बैग था जिसमें कुछ औजार थे। शिकायतकर्ता ने बताया कि अभी उस व्यक्ति के साथ बातचीत की जा रही थी तो वह धक्कामुक्की करके चकमा देकर फरार हो गया। उसका बैग वहीं पर रह गया। बैग में से उसका अधार कार्ड मिला जिस पर उस व्यक्ति का नाम अरुण झा लिखा हुआ था। तेजिंद्र सिंह ने वह आधार कार्ड पुलिस को सौंप दिया। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया।