अब गैर कानूनी माइनिंग पर तीसरी आंख से रखेंगे नजर
डीसी और एसएसपी ने माइनिंग वाली जगहों की औचक चेकिंग
अवैध खनन रोकने को छह जगहों पर लगाए जाएंगे स्पेशल नाके
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली।
जिले में अवैध खनन को रोकने के लिए अब जिला प्रशासन और पुलिस तीसरी आंख (सीसीटीवी कैमरों) की मदद लेगी। इसके अलावा छह से आठ जगहों पर विशेष नाके लगाए जाएंगे, जहां पर आने-जाने वाले हर वाहनों पर नजर रखी जाएगी। इसके अलावा माइनिंग रोकने के लिए विशेष टीम पहले की तरह काम करती रहेगी। इसकी पुष्टि डीसी गुरप्रीत कौर सपरा ने की। इससे पहले डीसी और एसएसपी कुलदीप सिंह चहल ने माइनिंग वाले स्थानों की औचक चेकिंग की।
जिले में अवैध रूप से चल रही माइनिंग के मामले लगातार सामने आ रहे थे। यहां तक की डेराबस्सी में गुंडा टैक्स वसूले जाने का पर्दाफाश भी हुआ था। इस मामले को लेकर राज्य सरकार भी काफी गंभीर है। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने इस मामले में राज्य के सभी अधिकारियों के साथ मीटिंग की थी, जिसके बाद डीसी और एसएसपी ने संयुक्त रूप से चेकिंग की। इस मौके पर उन्होंने बताया कि अब जिले में स्पेेशल नाका प्वाइंट बनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस बात को सुनिश्चित किया जाएगा कि जिन जगहों पर कानूनी तौर पर माइनिंग चल रही है। वह निर्धारित स्थानों पर ही होनी चाहिए। कानूनी तौर पर अलॉट की गई जगहों के अलावा किसी अन्य जगह पर माइनिंग नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि अवैध माइनिंग रोकने के लिए जिला मिनरल फाउंडेशन के फंड्स में सीसीटीवी कैमरे लगाने का प्रस्ताव तैयार किया गया। जल्द ही इस काम को पूरा किया जाएगा।
अब इन स्थानों पर लगेंगे स्पेशल नाके
1. बनूड-तेपाल रोड और जीरकपुर-पटियाला रोड क्रॉसिंग
2. मुबारिकपुर चौकी
3. अंबाला-कालाअंब रोड क्रॉसिंग हंडेसरा
4. लालड़ू-हंडेसरा रोड, नजदीक अनाज मंडी
5. टी प्वाइंट सिसवां
6. गांव माजरा और टी प्वाइंट माजरी खरड़