संदिग्ध परिस्थितियों में नाबालिग लड़की की मौत
मृतका के भाई के बयान पर पुलिस ने की धारा 174 के तहत कार्रवाई
जीरकपुर।
गांव पीरमुछल्ला में एक नाबालिग लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान पूनम (17) के रूप में हुई है। पुलिस ने लड़की की मौत को सुसाइड मानते हुए धारा 174 के तहत कार्रवाई कर शव को कब्जे में ले लिया है।
ढकोली पुलिस चौकी इंचार्ज जगजीत सिंह ने बताया कि पूनम गांव पीरमुछल्ला में किराए के मकान में रहती थी। उसका भाई रवि कुछ दिन से उसके साथ रहता था। रवि के अनुसार, पूनम देर रात तक अकसर अपने दोस्त के साथ फोन पर बातचीत करती थी। वीरवार की रात फोन पर बात करने के बाद उसने अचानक अपने गले को दबाना शुरू कर दिया। रवि ने उसकी हरकत को गंभीरता से नहीं लिया और छत पर सोने चला गया। शुक्रवार सुबह उठकर देखा तो पूनम के हाथ की नस कटी थी, जिससे खून निकल रहा था। रवि के जगाने पर जब पूनम नहीं उठी तो उसने पड़ोसियों को बताया। इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस अधिकारी पूनम को अस्पताल ले गए, वहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ढकोली चौकी इंचार्ज जगजीत सिंह ने कहा कि मृतका के भाई रवि के बयान पर धारा 174 के तहत कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा।