एक्टिवा से भुक्की सप्लाई करने जा रहा व्यक्ति काबू
खरड़। सीआईए स्टाफ ने एक व्यक्ति को 25 किलोग्राम चूरा पोस्त समेत गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरपाल सिंह उर्फ पाली पुत्र निर्मल सिंह निवासी माणक माजरा थाना सिंह भगवंतपुरा जिला रोपड़ के रूप में हुई है।
सीआईए स्टाफ खरड़ के इंचार्ज इंस्पेक्टर त्रिलोचन सिंह ने बताया कि जिला पुलिस प्रमुख कुलदीप सिंह चाहल की हिदायतों पर शुरू की गई मुहिम के तहत मंगलवार को खरड़ चंडीगढ़ रोड पर एएसआई गुरप्रताप सिंह, जगमीत सिंह व अमृतपाल सिंह पैदल गश्त कर रहे थे। इस दौरान सामने से एक्टिवा पर एक एक व्यक्ति आ रहा था, जो पुलिस को देख कर घबरा गया और पीछे मुड़ने लगा। पुलिस ने शक के आधार पर एक्टिवा सवार को काबू कर लिया। उसकी तलाशी के दौरान उससे एक प्लास्टिक की थैली में 25 किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी गुरपाल सिंह को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीसी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।