जीरकपुर के होटल मालिक से लाखों की ठगी, चार पर केस दर्ज
होटल को 55 करोड़ का बैंक लोन दिलाने का झांसा देकर साढ़े 61 लाख रुपये ठगे
अमर उजाला ब्यूरो
जीरकपुर।
चंडीगढ़-अंबाला हाईवे स्थित एक होटल के मालिक को 55 करोड़ का लोन दिलाने का झांसा देकर लाखों की ठगी करने का मामला सामने आया है। दूसरी ओर, होटल मालिक की शिकायत पुलिस ने रिपू दमन शर्मा, श्रीपाल जैन, संजीव गोरिया और दिनेश मल्होत्रा नामक चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। होटल के मालिक के अलावा होटल में उसकी पत्नी बीना शर्मा और बेटा ईशान शर्मा पार्टनर हैं, जिनके साथ लाखों रुपये की ठगी हुई है।
रिजेन्टा अलमीडा होटल (फॉर स्टार) के मालिक एके शर्मा ने बताया कि दिसंबर-2015 में उनके पास कुछ लोग आए, जिन्होंने रीयल एस्टेट और एनआरआई द्वारा होटल में निवेश कराने का झांसा दिया। आरोपियों ने कहा कि एनआरआई व्यक्ति 55 करोड़ रुपये यहां निवेश करना चाहते हैं, जिससे वह अपना कारोबार बढ़ा सकेंगे। शिकायत के अनुसार, होटल चलाने के लिए उन्हें करोड़ों रुपये के लोन की जरूरत थी, जो होटल मालिक के पास नहीं थे। आरोपियों ने होटल मालिक को बैंक से करोड़ों का लोन दिलाने का भरोसा दिया। इस एवज में उन्होंने होटल मालिक एके शर्मा से साढ़े 61 लाख रुपये अपने खाते में जमा करवा लिए। वहीं, काफी समय बीत जाने के बाद न तो एनआरआई व्यक्तियों ने निवेश किया और न ही होटल को बैंक से लोन दिलाया गया, जिसके बाद उन्होंने अपने पैसों वापस करने की मांग की तो आरोपियों ने पैसे लौटाने के बजाय जान से मारने की धमकी देने लगे। होटल मालिक के फोन कॉल को आरोपियों ने रिसीव करना बंद कर दिया। इसके बाद होटल मालिक ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है।