- खुद को रेलवे का बड़ा अधिकारी बताते थे आरोपी
- हरियाणा के करनाल और दिल्ली के रहने वाले हैं धोखाधड़ी के आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
डेराबस्सी। पुुलिस ने शक्ति नगर निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर उसके रिश्तेदारों व जान पहचान वाले 16 लोगों को रेलवे में नौकरी दिलवाने का झांसा देकर एक करोड़ रुपये के करीब ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान हरचरन सिंह निवासी करनाल हरियाणा व मोहित कुमार निवासी दिल्ली के रूप में हुई है जो खुद को रेलवे में बड़े अधिकारी होने का दावा करते थे। आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
मामले की जानकारी देते थाना प्रभारी इंस्पेक्टर महिंद्र सिंह ने बताया कि हरजीत सिंह निवासी गली 19 शक्ति नगर ने शिकायत में बताया कि उसे एक ढाबे पर उक्त दोनों आरोपी मिले थे, जिन्होंने खुद की पहचान रेलवे में बड़े अधिकारी के तौर पर करवाई। उसके बाद दोनों के साथ उसकी जानपहचान हो गई जिन्होंने रेलवे में नौकरी लगने के इच्छुक व्यक्तियों के बारे में बताने के लिए कहा। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि दोनों ने एक नौकरी लगवाने के लिए छह से सात लाख रुपये रेट बताया। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने अपने कुल 16 जान पहचान व रिश्तेदारों के कुल एक करोड़ रुपये नौकरी लगने के लिए के दिए। आरोपियों ने न तो नौकरी लगवाया और न ही किसी के पैसे वापिस किए। उनकी ओर से जांच करने पर सामने आया कि दोनों रेलवे में नौकरी नहीं करते हैं और उनकी ओर से पूरी योजनाबद्ध साजिश के तहत यह धोखाधड़ी की है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।