डिस्कोथेक में फिर हुई मारपीट, बाउंसरों ने युवकों को पीटा
-पीड़ित नौजवानों ने डिस्कोथेक के बाउंसरों पर मारपीट और अगवा करने का लगाया आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
जीरकपुर।
शहर में चलने वाले डिस्कोथेक में मारपीट के मामले कम होने का नाम नहीं ले रहे। सोमवार रात क्रिसमस की पार्टी के दौरान पंचकूला की एक साफ्टवेयर कंपनी में काम करने वाले इंजीनियरों ने अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे स्थित डिस्कोथेक के बाउंसरों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। जबकि शिकायत देने वाले युवकों ने बताया कि पुलिस डिस्कोथेक प्रबंधकों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उनके खिलाफ ही कार्रवाई करने की धमकी दे रही है।
पीड़ित रजत निवासी पंचकूला, करन व अन्य ने बताया कि सेक्टर-2 पंचकूला में अमेरिकन साफ्टवेयर कंपनी है। उस कंपनी में वह बतौर इंजीनियर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि बीती रात कंपनी की ओर से ग्लोबल बिजनेस पार्क मॉल स्थित अल्माज डिस्कोथेक में क्रिसमस पार्टी का आयोजन किया गया था। इसमें उनकी कंपनी के अधिकारियों समेत 35 युवक व युवतियां शामिल थे। पार्टी के दौरान वे जब डांस फ्लोर पर पहुंचे तो वहां मौजूद क्लब प्रबंधकों ने विरोध करने लगे। इसके बाद बाउंसरों के साथ उनकी बहस हो गई। कुछ देर बाद कंपनी के करीब छह इंजीनियरों की बाउंसरों ने पिटाई कर दी। आरोप है कि करीब 30 से 35 बाउंसरों ने पहले क्लब में पीटा, उसके बाद फिर माल के बाहर उनके साथ मारपीट की। इस दौरान उनके एक साथी रजत का दांत टूट गया। वहीं, पुलिस द्वारा उनको हिरासत में लेकर सारी रात थाने में रखा गया।
डिस्कोथेक के प्रबंधकों ने आरोप नकारे
बीती रात क्रिसमस पर डांस पार्टी रखी हुई थी। इस दौरान कंपनी द्वारा अंदर अलग से हाल बुक किया हुआ था, लेकिन कंपनी के कुछ कर्मचारी शराब पीकर डांस फ्लोर पर डांस करने के लिए आ रहे थे। जिस कारण लड़कियों को परेशानी हो रही थी। जब उक्त युवकों को ऐसा करने के लिए रोका गया तो उन्होंने बाउंसरों के साथ मारपीट की। इसके बाद पुलिस को बुलाकर नौजवानों को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
-करन जौहर, मालिक, अल्माज डिस्कोथेक।
कोट्स :::::::
नौजवानों ने शराब के नशे में क्लब में हुल्लड़बाजी और तोड़फोड़ की। इसकी शिकायत मिलने के बाद उनको हिरासत में लिया गया था। नौजवानों द्वारा गलती मानने के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।
- पवन शर्मा, एसएचओ, पुलिस थाना जीरकपुर।