- गांव पभात में कालोनी काटकर बेचने वाले तीन लोगों पर धोखाधड़ी का आरोप
- तीनों की गिरफ्तारी के लिए पंचकूला में जगह-जगह शुरू की छापामारी
अमर उजाला ब्यूरो
जीरकपुर। स्थानीय पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ अपने पार्टनर के हिस्से वाली करोड़ों रुपये की जमीन को बाकी हिस्सेदारों की मदद से कालोनी काटकर बेचने के आरोप में धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। आरोपियों में एक महिला भी शामिल है, जिसकी पहचान सेक्टर-4 पंचकूला के रहने वाले कृष्ण गोयल निवासी मकान नंबर-996, रमेश गोयल निवासी मकान नंबर-864 और सुनीता रानी निवासी मकान नंबर-864 के रूप में हुई है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने छापामारी शुरू कर दी है। दूसरी ओर, पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पंचकूला के अलग-अलग हिस्सों में छापामारी शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता पिता-पुत्र सतपाल गोयल और राजेश गोयल ने शिकायत में बताया है कि साल वर्ष 2008 में उन्होंने उक्त नामजद आरोपियों के साथ गांव पभात में 4 कनाल 01 मरला जमीन खरीदी, जिसकी कीमत करोड़ों में थी। जबकि वर्ष 2008 में खरीदी गई कुल जमीन के अंदर चार पार्टनर थे, जिनमें कृष्ण गोयल, रमेश गोयल और सुनीता रानी के नाम शामिल है। शिकायत के अनुसार, करीब 7 वर्ष बाद 2015 में शिकायतकर्ता पिता-पुत्र अपने हिस्से वाली जमीन का मुआयना करने मौके पर गए तो जमीन पर लोग मकान बनाकर रह रहे थे।
दूसरी ओर, मामले की जानकारी के लिए शिकायतकर्ता पिता-पुत्र ने पार्टनर कृष्ण गोयल से संपर्क किया तो कोई जवाब नहीं मिला। बाद में उन्होंने माल विभाग के अधिकारियों से पता लगाया कि आरोपी कृष्ण गोयल, रमेश गोयल और सुनीता रानी ने आपस में मिलकर उनके हिस्से वाली जमीन को अपनी बताकर वहां कालोनी काट दी।
वहीं, बाद में आरोपियों ने लोगों को महंगे दामों पर प्लाट बेच दिए, जिसका उसे पता तक नहीं लगने दिया। आज स्थिति यह है कि शिकायतकर्ता के हिस्से वाली जमीन पर लोग अपने-अपने मकान बनाकर रह रहे हैं। वहीं, शिकायतकर्ता पिता-पुत्र सतपाल गोयल और राजेश गोयल काफी समय तक आरोपी कृष्ण गोयल, रमेश गोयल और सुनीता रानी से उनके हिस्से की बेची जमीन के बदले पैसे वापस करने की मांग करते रहे, लेकिन आरोपियों ने कोई जवाब नहीं दिया। बाद में मामले की शिकायत डीजीपी पंजाब को देकर कार्रवाई की मांग की। दूसरी ओर, डीजीपी के आदेशों पर जिला मोहाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उक्त आरोपियों खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं के तहत केस दर्ज करने के आदेश दे दिए। जांच अधिकारी एएसआई बलजिंदर सिंह ने बताया कि उक्त आरोपियों खिलाफ मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।