सट्टा खिलाने और धोखाधड़ी के आरोप में चार गिरफ्तार
जीरकपुर में सट्टा खिलाने वाले गैंग का पुलिस ने किया पर्दाफाश
अमर उजाला ब्यूरो
जीरकपुर। पुलिस ने सट्टा खिलाने और धोखाधड़ी करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गुलशन चोपड़ा निवासी दिल्ली, उमेश नेगी निवासी उत्तराखंड, सोनू निवासी यूपी और भूपिंदर सिंह निवासी जीरकपुर के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 42,220 रुपये की नगदी बरामद की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया। कोर्ट ने आरोपियों को 14 दिन के लिए पटियाला जेल भेज दिया है।
एसएचओ पवन शर्मा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग सट्टा खिलाने के साथ धोखाधड़ी कर रहे हैं। हेड कांस्टेबल के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया, जिसने रविवार देर रात चार उक्त लोगों को हिरासत में लिया। थाने में सख्ती से पूछताछ होने पर आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल लिया।
एक के बदले 70 रुपये देने का झांसा
जांच अधिकारी भूपिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी लोगों को एक रुपये के बदले 70 रुपये देने का झांसा देते थे। आरोपियों ने पूरा नेटवर्क तैयार कर रखा था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कालका चौक के पास से चारों आरोपियों को दबोच लिया।
पुलिस ने मांगा रिमांड, अदालत ने भेजा जेल
पकड़े गए आरोपी लंबे समय से इस काम को अंजाम दे रहे थे। इसलिए पुलिस ने सट्टा खिलाने वाले मास्टर माइंड का सुराग लगाने के लिए अदालत से आरोपियों के पुलिस रिमांड की मांग की। अदालत ने आरोपियों को 14 दिन के लिए पटियाला जेल भेज दिया।
पुलिस की टीम हर समय रहेगी तैनात : एसएचओ
जीरकपुर थाने के एसएचओ पवन कुमार शर्मा ने बताया कि शहर के अंदर सट्टा खिलाने वालों को पकड़ने के लिए एक टीम बनाई गई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस नेटवर्क को चलाने वाले मास्टर माइंड को गिरफ्तार किया जाएगा।