क्रूज कार में हेरोइन तस्करी करने जा रहा आरोपी दबोचा
एसटीएफ ने 27 ग्राम हेरोइन बरामद करकिया केस दर्ज
ट्राइसिटी में करता था हेरोइन तस्करी, चंडीगढ़ से लाता था हेरोइन
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। नशा तस्करी पर नकेल कसने के लिए सरकार द्वारा गठित एसटीएफ की टीम ने मदनपुर चौक से हेरोइन तस्कर को काबू कर 27 ग्राम हेरोइन बरामद की। आरोपी की पहचान सुखचैन सिंह उर्फ काला निवासी मुल्लांपुर के रूप में हुई। आरोपी पर फेज-4 स्थित एसटीएफ के थाने में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया। एसटीएफ के एसपी राजिदंर सिंह सोहल ने इसकी पुष्टि की है।
एटीएफ को सूचना मिली थी कि आरोपी क्रूज कार में सवार होकर हेरोइन तस्करी करने आ रहा है। एसटीएफ की टीम ने मदनपुर चौक के पास नाका लगा दिया। जैसे ही क्रूज कार वहां पर आई तो टीम ने रुकने का इशारा किया। टीम ने आरोपी की तलाशी ली तो उससे 27 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
आरोपी पर पहले भी दर्ज हैं केस
आरोपी काफी शातिर बताया जा रहा है। काला के खिलाफ पहले से ही दो मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी पर मुल्लांपुर थाने में इरादा कत्ल का मामला दर्ज है। इस मामले में उसे दो साल की सजा हो चुकी है। वह जमानत पर चल रहा है, जबकि साल 2017 में आरोपी पर मुल्लांपुर थाने में नशा तस्करी का केस दर्ज है। आरोपी चंडीगढ़ से हेरोइन लाकर मोहाली के अलग-अलग इलाकों में बेचता था।