सीटीयू बस ड्राइवर ने पहले कार को मारी टक्कर, फिर चालक को पीटा
- बलटाना पुलिस ने बस ड्राइवर और कंडक्टर के खिलाफ किया मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
जीरकपुर। बलटाना के हरमिलाप नगर में रेलवे फाटक के पास सीटीयू बस चालक ने कार को टक्कर मार दी। कार चालक ने विरोध किया तो बस ड्राइवर ने कार को दोबारा टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया और चालक की पिटाई कर दी। बलटाना पुलिस ने बस ड्राइवर और कंडक्टर पर केस दर्ज कर लिया है।
दिनेश भारद्वाज निवासी सैनी विहार बलटाना ने पुलिस को शिकायत दी कि वह पत्नी और बेटे के साथ रविवार को पंचकूला के सरकारी अस्पताल जा रहे थे। रास्ते में रेलवे फाटक के खुलने का इंतजार कर रहे थे कि पीछे से सीटीयू बस चालक ने उसकी कार को टक्कर मार दी। कार से उतरकर उसने बस ड्राइवर से इसका विरोध जताया तो ड्राइवर ने बस चलाते हुए दोबारा उसकी कार में टक्कर मारी। बाद में ड्राइवर बस से उतरा और गाली गलौच करते हुए दिनेश की पिटाई कर दी। वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह बस ड्राइवर के चंगुल से कार चालक को बचाया। इसके बाद बस ड्राइवर ने चंडीगढ़ पुलिस एरिया के पड़ते थाने के अधिकारियों को बुलवाकर दिनेश को थाने में बैठा दिया। सारा दिन थाने में रखने के बाद पुलिस ने उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया। चंडीगढ़ पुलिस के छोड़ने के बाद घर पहुंचे दिनेश ने पारिवारिक सदस्यों के साथ मामले की शिकायत बलटाना पुलिस को दी। पुलिस ने बस ड्राइवर लतीफ खान और कंडक्टर विनोद कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।