बच्चे के नाना की तरफ से मटौर थाने को दी गई थी शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। सेक्टर-69 स्थित एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ रहे बच्चे को स्कूल जाते समय किडनैप करने का मामला सामने आया है। बच्चे के नानके परिवार का कहना है कि बच्चे का पिता ही बच्चे को अगवा कर ले गया है। वहीं, मटौर थाने की पुलिस ने (बच्चे के पिता) राजिन्द्र गुप्ता व एक अज्ञात व्यक्ति खिलाफ आईपीसी की धारा 365, 341, 506 तहत केस दर्ज कर लिया है। प्रेम चंद ने बताया कि फिलहाल बच्चा उनके दामाद के पास ही है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच चल रही है। जल्दी ही आरोपी को काबू कर लिया जाएगा।
पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-70 निवासी प्रेम चंद मोहाली ने बताया कि करीब 18 वर्ष पहले उसकी बड़ी बेटी की शादी राजिन्द्र गुप्ता निवासी अंबाला रोड कैथल (हरियाणा) के साथ हुई थी। करीब डेढ़ वर्ष से उसके दामाद व बेटी में किसी बात को लेकर दरार आ गई थी। उसके दामाद ने मोहाली की अदालत में तलाक का केस दायर किया हुआ है। उनका करीब 9 वर्षीय दोहता मोहाली में ही उनके पास अपनी माता के साथ रह रहा था। प्रेम चंद ने बताया कि तीन दिन पहले 15 अक्तूबर की सुबह पौने आठ बजे के करीब वे अपनी स्कूटी पर अपने दोहते को स्कूल छोड़ने के लिए गए थे तो सेक्टर 69-70 की लाइटों के नजदीक उनका दामाद एक अन्य व्यक्ति के साथ कार में आया। उन्होंने कार उनकी स्कूटी के आगे लगा दी। साथ ही बच्चे को जबरदस्ती किडनैप करके ले गया। बच्चे को किडनैप किये जाने की शिकायत उन्होंने पुलिस स्टेशन मटौर में दे दी। इसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर अपनी जांच शुरू कर दी।