मोहाली। राधा स्वामी चौक के नजदीक सड़क हादसे में टाटा ऐस के ड्राइवर की मौत हो गई, जबकि दूसरा वाहन चालक फरार हो गया। मृतक की पहचान मोहाली के फेज-2 गांव मदनपुरा निवासी सुरेश कुमार (45) के तौर पर हुई।
सुरेश कुमार टाटा ऐस गाड़ी चलाकर अपने परिवार का गुजारा करता था। रविवार को वह टाटा ऐस लेकर सोहाना से इंडस्ट्रियल एरिया की तरफ जा रहा था। राधास्वामी चौक के पास पहुंचा तो एयरपोर्ट रोड की तरफ से आ रहे एक वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। सूचना पाकर थाना फेज-1 पुलिस मौके पर पहुंची और सुरेश कुमार को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चौकी इंचार्ज परमजीत सिंह ने बताया कि मौके से अज्ञात वाहन की नंबर प्लेट बरामद की गई है। शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि हादसे को अंजाम देकर फरार होने वाला वाहन ट्रक है। परमजीत सिंह ने बताया कि सोमवार को आरटीओ दफ्तर से रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन की डिटेल निकलवाई जाएगी। सुरेश कुमार के शव का पोस्टमार्टम सोमवार को होगा, जिसके बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया जाएगा।