कुराली। मोरिंडा रोड पर चोरों ने एक रेडिमेड कपड़ों के शोरूम के ताले तोड़ कर लाखों रुपये के कपड़े व हजारों की नकदी चोरी की ली। दुकान मालिक ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
रिच वियू दुकान के मालिक दलवीर सिंह वासी बरौली ने बताया कि रोजाना की तरह वह वीरवार रात को अपनी दुकान को बंद करके घर चले गए। सुबह पास के लोगों ने दुकान के टूटे शटर के बारे में जानकारी दी। वह दुकान पर पहुंचे तो शटर को लगे दोनों तरफ के ताले टूटे हुए थे और शटर को भी दोनों तरफ से उखाड़ा हुआ था। दुकानदार ने बताया कि चोर जैंट्स का सारा रेडिमेड सामान पैंटें, जींस और टी-शर्टें ले गए। चोर लगभग 7 लाख रुपये के कपड़े ले गए हैं। इसके अतिरिक्त गुल्लक में पड़ी लगभग 30 हजार की नकदी भी ले गए।
दलबीर सिंह ने बताया कि उसने कुछ महीने पहले ही नई दुकान खोली थी। पास की दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रात लगभग 1:30 बजे चार युवक और एक कार दुकान की तरफ आती दिखाई देती है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।