मोहाली। हमलावरों की गोलियों का निशाना बने पंजाबी सिंगर बलताज खान को होश आ गया है। हालांकि वह अभी कुछ बोलने की हालत में नहीं हैं। पुलिस ने मामले में कई लोगों से पूछताछ की है और टीमों ने कई जगहों पर दबिश भी दी है।
उल्लेखनीय है कि वीरवार रात करीब 11 बजे बलताज खान अपनी पत्नी संदीप कौर के साथ पालकी रिजोर्ट के पास लगने वाली फलों की रेहड़ियों के पास आ कर रुके थे। बलताज अपनी आई 20 कार से उतरकर आम खरीदने चले गए, जबकि उनकी पत्नी कार में ही बैठी थीं। बतलाज जैसे ही रेहड़ी के पास पहुंचे तो पल्सर बाइक पर सवार दो हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं। हमलावरों ने तीन फायर किए, जिसमें से दो गोलियां बलताज को लगीं। एक उनकी कनपटी पर और दूसरी सीने में। बलताज वहीं गिर पड़े और हमलावर फरार हो गए। पुलिस ने बलताज को एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उनका आपरेशन किया गया। रविवार को बलताज को होश आ गया। उन्होंने आंखें खोलीं और हाथों की मूवमेंट भी की।
बलौंगी थाना इंचार्ज ने बताया कि बलताज को होश तो आ गया है, लेकिन अभी वह बयान देने की हालत में नहीं है। डॉक्टरों के मुताबिक बलताज को बोलने में दो से तीन दिन का समय लगेगा। पुलिस भी बलताज के बयान देने का इंतजार कर रही है, ताकि वारदात को लेकर स्थिति साफ हो सके।