- चंडीगढ़ से पंजाब में हो रही थी तस्करी, पुलिस ने रखी हुई है नजर
अमर उजाला ब्यूरो
खरड़। सिटी पुलिस ने तीन जगह नाकाबंदी कर काफी मात्रा अवैध शराब पकड़ी है। साथ ही गाड़ियों को भी कब्जे में लिया है। पुलिस का दावा है कि यह प्रक्रिया आगे भी जारी हरेगी। अब तक शराब की 45 पेटियां बरामद की हैं। थाना सिटी के एसएचओ इंस्पेक्टर भगवंत सिंह रियाड़ ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस कर्मचारी बडाला रोड पर गश्त कर रहे थे तो उन्हें गुप्त सूचना मिली कि इनोवा कार नंबर पीबी-13 एएफ- 6916 में चंडीगढ़ से भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर एक व्यक्ति पंजाब के अलग-अलग जगहों में बेचने के लिए आ रहा है। पुलिस ने नाकाबंदी करके बडाला रोड पर इस कार को रोक लिया। कार का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो कार से अवैध शराब की 15 पेटियां बरामद हुईं।
स्विफ्ट कार से 15 पेटियां बरामद
एक अन्य मामले में सिटी पुलिस ने शरारती तत्वों पर काबू पाने के लिए एएसआई केवल सिंह के नेतृत्व में बाबा बंदा सिंह बहादुर मार्ग पर भूरू चौक पर नाकाबंदी की हुई थी। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि दो व्यक्ति अपनी स्विफ्ट कार नंबर पीबी-11- सीएल-9977 में चंडीगढ़ से अवैध शराब लेकर आ रहे है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इस कार को रोक लिया और कार की तलाशी लेने पर अवैध शराब की 15 पेटियां बरामद र्हुइं। पुलिस ने आरोपी अमरीक सिंह तथा लखवीर सिंह निवासी समराला जिला लुधियाना को गिरफ्तार कर लिया है।
कार चालक फरार, शराब की 15 पेटियां बरामद
एक अन्य मामले में खरड़ सिटी पुलिस के एएसआई राजिंदर सिंह, सिपाही गौरव कुमार तथा एएसआई लाभ सिंह रात के समय बांसो वाली चुंगी के पास गश्त कर रहे थे। इसी बीच उन्हें सूचना मिली कि एक युवक अपनी गाड़ी नंबर पीबी-10 एफसी-3519 में चंडीगढ़ से भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर आ रहा है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करके इस कार को रोक लिया परंतु कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो कार से अवैध शराब की 15 पेटियां बरामद र्हुइं। पुलिस ने सभी मामलों में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।