महिला दुकानदार को बधाई देने के बहाने ठगे दस हजार
महिला ने इस संबंधी पुलिस को दी लिखित शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
कुराली।
एक महिला दुकानदार से दस हजार रुपये ठगी करने का मामला सामने आया है। बडाली रोड स्थित एक दुकान पर ग्राहक बनकर आया एक व्यक्ति महिला दुकानदार से 10 हजार की नकदी लेकर फरार हो गया। पीड़ित दुकानदार ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी है।
महिला गुड्डी रानी ने बताया कि शुक्रवार को एक व्यक्ति उसकी दुकान पर आया और कुछ दिन पहले हुई लड़की के विवाह की बधाई दी। इस दौरान ठग ने उसके आगे लड्डू पेश करते हुए कहा कि उसके घर लड़का हुआ है। महिला ने बताया कि उक्त व्यक्ति लड़के के जन्म की खुशी में होने वाले समागम के लिए काफी समान निकलवाने लगा। इस दौरान उसने कोल्ड ड्रिंक की पेटियों की भी मांग की। गुड्डी ने बताया कि वह दुकान में कोल्ड ड्रिंक नहीं रखती है, लेकिन उसने ग्राहक की मांग को देखते हुए पति को कोल्ड ड्रिंक लाने के लिए भेज दिया। पति के जाने के बाद उक्त ठग ने चुस्ती दिखाते हुए अपने समागम में आने वाले मेहमानों को शगुन देने के लिए लिफाफे लिए और 500-500 के नोटों की मांग करते हुए कहा कि उन्होंने लड़की का विवाह किया है उनके पास नोट जरूर होंगे। उसने 500-500 के नोटों की मांग करते हुए 2-2 हजार के नोट देने की पेशकश की, लेकिन उसने 2-2 हजार के नोट लेने से मना कर दिया। इसके बाद उसने 100-100 के नोट देने के लिए कहा। गुड्डी ने बताया कि वह उसकी बातों में आ गई और उसने अंदर से 500 रुपये के 20 नोट लेकर उक्त व्यक्ति को दे दिए। गुड्डी ने बताया कि उसका पति कोल्ड ड्रिंक लेकर आता, तब तक ठग ने अपने साथी को बुला लिया और मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गया। उसने बताया कि उक्त व्यक्ति द्वारा निकलवाया गया सामान वहीं पर रह गया। गुड्डी ने बताया कि उक्त व्यक्ति 10 हजार रुपये लेकर फरार हो गया। इस संबंध में पुलिस को सूचित कर दिया गया है।
फोटो कैपशन : कुराली दुकान में पैक किए हुए सामान को दिखाती महिला।