- थाना सिटी खरड़ में बस ड्राइवर ने दी शिकायत
- नेता ने आरोपों को नकारा, कहा-उनकी गाड़ी को हिट किया था बस ड्राइवर ने
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली/खरड़। एक नामी प्राइवेट यूनिवर्सिटी के ड्राइवर ने अकाली नेता किरनवीर सिंह कंग के खिलाफ खरड़ पुलिस को शिकायत दी है। ड्राइवर का आरोप है कि कंग ने उससे मारपीट और गाली गलौच की। इस दौरान उसकी पगड़ी तक उतर गई। खरड़ थाना सिटी के इंचार्ज एसएचओ भगवंत सिंह रियाड़ ने शिकायत मिलने की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि मामले की जांच चल रही है।
जानकारी के मुताबिक पुलिस को दी शिकायत में यूनिवर्सिटी के ड्राइवर गुरचरन सिंह ने कहा कि वह घंडूआं स्थित एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी में बतौर बस ड्राइवर तैनात है। मंगलवार सुबह जब वह जा रहे थे। तो खरड़ के नजदीक कंग के ड्राइवर ने उसे रुकने का इशारा किया। जब वह रुका तो ड्राइवर ने उसे नीचे उतरने को कहा। इस दौरान वहां पर जनता के बीच कंग ने उसे मारपीट की। साथ ही जमकर गाली गलौच की। उसका कहना है कि इस दौरान उसे काफी चोट लगी है। इस दौरान उसकी दाहड़ी खींची गई साथ ही उसकी पगड़ी तक उतर गई। गुरचरन का कहना है कि इस दौरान वहां से गुजर रहे लोगों ने वीडियो भी बना ली है, जिसमें कंग उससे मारपीट व गाली गलौच करते साफ दिख रहे हैं। थाना सिटी खरड़ के एसएचओ इंस्पेक्टर भगवंत सिंह रियाड़ ने कहा कि उनके पास शिकायत आई है। सारे मामले की जांच की जा रही है। यदि आरोप सही पाए गए तो आरोपी पर कार्रवाई की जाएगी। दूसरी तरफ अकाली नेता किरनवीर सिंह कंग ने अपने ऊपर लगे आरोपों को नकारते हु कहा कि वह अपनी कार में जा रहे थे। इस दौरान बस ड्राइवर काफी लापरवाही से गाड़ी चला रहा था और उसने उसकी कार को हिट कर दिया। जब उन्होंने कार को रोक कर बस ड्राइवर से पूछा तो ड्राइवर ने उनसे दुर्र्व्यवहार शुरू कर दिया। उन्होंने कि उन्होंने ड्राइवर से कोई मारपीट नहीं की है। उन्होंने केवल बस ड्राइवर को माफी मांगने के लिए कहा था।