बंद घर से लाखों की नकदी और गहने ले गए चोर
वारदात के समय मकान मालिक परिवार के साथ शादी समारोह में लुधियाना गया था
चोरी की यह वारदात गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद
अमर उजाला ब्यूरो
खरड़।
दशमेश नगर में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाया और लाखों की नकदी व आभूषण लेकर फरार हो गए। बिजली का काम करने वाले मनोहर सिंह परिवार समेत 18 अप्रैल को घर को ताला लगाकर एक विवाह समारोह में शामिल होने लुधियाना गए थे।
इस दौरान चोरों ने 20-21 अप्रैल की रात करीब दो बजे चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर साथ के घर की छत से चढ़कर मनोहर सिंह के घर में घुसे और अलमारियों को तोड़कर घर में रखी नकदी, सोने-चांदी के गहने और विदेश से आई उनकी बहन जसविंदर कौर की घर में रखी तीन लाख की नकदी व कपड़े आदि के चार बैग भी ले गए। चोरी की यह वारदात गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हो गई है। सीसीटीवी फुटेज देखने से पता चलता है कि तीन 24-25 वर्षीय पतले दुबले मोने युवक पैदल ही मनोहर सिंह के घर की तरफ आए और घर के आसपास घूमने के बाद पड़ोसियों की छत से चढ़ कर वारदात को अंजाम दिया। मनोहर सिंह ने खरड़ सिटी पुलिस में चोरी की शिकायत दर्ज करवाई है।