बीएसएफ जवान की पत्नी से मारपीट, केस
गुरदासपुर। बीएसएफ जवान की पत्नी से मारपीट करने के आरोप में सिटी पुलिस ने सात आरोपियों समेत 6 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। सिटी पुलिस स्टेशन के इंचार्ज शाम लाल ने बताया कि पलविंद्र कौर पत्नी कुलविन्द्र सिंह निवासी संत नगर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पति सीमा सुरक्षा बल में जवान हैं। वह अपने बेटे और सास के साथ घर में रहती है। शुक्रवार रात करीब 11.45 बजे घर के बाहर से कुछ तोड़ने की आवाजें आने लगी। जब उन्होंने बाहर की लाइट जगाई तो जतिंद्र पाल सिंह, बरिंद्र पाल सिंह समेत उनकी मां, संदीप कौर, हरप्रीत कौर, बलविन्द्र सिंह, हरदीप सिंह और 6-7 अज्ञात लोग उनके घर की बाहर की चारदीवारी तोड़ रहे थे। उनकी ओर से रोकने पर इन लोगों ने दीवार फांद कर घर में प्रवेश किया और उनके साथ मारपीट की। उनके शोर मचाने पर आरोपी वहां से भाग गए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।