जीरकपुर। तलाकशुदा महिला को शादी का झांसा देकर 6 माह तक दुष्कर्म करने के आरोप में मोहाली के एक नामी निजी अस्पताल के डॉक्टर के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। आरोपी की पहचान डॉ. प्रदीप उतरेजा निवासी चंडीगढ़ के रूप में हुई है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह तलाकशुदा है और पहली शादी से उसके पास 8 साल का लड़का है, जो उसके साथ ही रहता है। शिकायत के अनुसार, वह अपनी मां के इलाज के लिए अकसर मोहाली के एक निजी अस्पताल में जाती थी, जहां उसकी पहचान डॉ. प्रदीप से हुई। इलाज के बहाने आरोपी प्रदीप ने उससे बातचीत करना शुरू कर दी और बातों ही बातों में उसने बताया कि वह सिंगल है और जल्दी शादी करने के लिए एक अच्छी लड़की की तलाश कर रहा है। पीड़िता ने बताया कि उसने जब डॉक्टर की बातों की तरफ ध्यान नहीं दिया तो आरोपी ने उसका मोबाइल नंबर लेकर मैसेज करने शुरू कर दिए। परेशान होकर एक दिन वह चंडीगढ़ में डॉ. प्रदीप से मिलने पहुंची, जिसने उसे शादी के लिए प्रपोज कर दिया और भरोसा दिलाया कि अगर वह उससे शादी नहीं करेगी तो वह किसी भी लड़की से शादी नहीं करेगा। डॉक्टर की बातों में आकर पीड़िता ने उस पर भरोसा करके नजदीकियां बढ़ाई। आरोपी ने उसकी मासूमियत का फायदा उठाकर कभी जीरकपुर की सोसायटी के एक फ्लैट में, कभी चंडीगढ़ स्थित अपने घर और कभी उसके घर आकर शारीरिक संबंध बनाए। एक दिन पीड़िता ने शक के आधार पर डॉ. प्रदीप के बैकग्राउंड का पता लगाने के लिए अपने जानकारों से बात की तो पता चला कि वह पहले से शादीशुदा है। इसके बाद उसने डॉ. प्रदीप से संपर्क करने की कोशिश की तो उसके परिजनों ने उसे जान से मारने की धमकियां देना शुरू कर दी। एसएचओ गुरजीत सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर डॉ. प्रदीप उतरेजा के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।