यूके भेजने के नाम पर ठगे ढाई लाख रुपये
फेज-दस निवासी एक सोसाइटी में रहने वाली महिला पर केस दर्ज
लुधियाना निवासी महिला ने इस संबंधी पुलिस को दी थी शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली।
यूके भेजने के नाम पर ठगी करने का मामला सामने आया है। थाना फेज-11 की पुलिस ने गुरमीत कौर निवासी लुधियाना की शिकायत पर संतोष गुप्ता निवासी फेज-10 मार्कफेड कॉलोनी के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी अभी फरार है। जल्द ही उसे दबोच लिया जाएगा।
पुलिस को दी शिकायत में गुरमीत कौर ने बताया कि उसने यूके जाने की योजना बनाई थी। इस बीच उक्त महिला से उसकी जान पहचान हुई। आरोपी महिला ने उसे भरोसा दिलाया कि वह उसे जल्द ही यूके भिजवा देगी। उसको वीजा आदि लगवाने में कोई परेशानी नहीं आएगी। महिला ने बताया कि वह उसकी बातों में आ गई। साथ ही अपने पासपोर्ट व अन्य दस्तावेज उसे सौंप दिए। इसके बाद महिला को दो लाख 52 हजार की अदायगी भी उसने कर दी, लेकिन न तो महिला ने उसका वीजा लगाया और न ही उसे विदेश भेजा। बाद में उसने फोन उठाना भी बंद कर दिया। इसके बाद वह आरोपी महिला से पैसे लेेने मोहाली पहुंची तो उसने पैसे देने से साफ मना कर दिया। साथ ही कहा कि वह उसका भुगतान नहीं करेगी। इसके बाद हारकर उसने इस संबंधी पुलिस को शिकायत दी। पुलिस द्वारा महिला द्वारा दी गई शिकायत की पड़ताल की, इसके बाद धारा 406, 420 आईपीसी 24 इमिग्रेशन एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
जिक्रयोग है कि यह पहला मामला नहीं है। थाना फेज-11 में बीते हफ्ते एक प्राइवेट इमिग्रेशन कंपनी के खिलाफ भी केस दर्ज हुआ था। कंपनी ने यूपी निवासी व्यक्ति से विदेश भेजने के नाम पर अस्सी लाख रुपये की ठगी की थी। ठगी के बाद से कंपनी वाले रातोंरात फरार हो गए थे। पीड़ित द्वारा इस संबंध में एसएसपी को शिकायत दी गई थी।