मोहाली। विदेश भेजने के नाम पर ठगी का एक और मामला सामने आया है। इस बार जम्मू के एक व्यक्ति ने मोहाली फेज-3बी1 की एक इमिग्रेशन कंपनी पर ठगी का आरोप लगाते हुए एसएसपी से मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों पुलिस की 50 टीमों ने मोहाली में इमिग्रेशन कंपनियों की जांच की थी। इसके बाद 5 कंपनियों के खिलाफ मुकदमे भी दर्ज किए थे। अब जम्मू के रहने वाले गुरचरण सिंह ने मोहाली के फेज-3बी1 की एक इमिग्रेशन कंपनी पर ठगी का आरोप लगाया है। गुरचरण सिंह ने एसएसपी हरचरण सिंह भुल्लर को शिकायत दी कि टीवी पर विज्ञापन देख उन्होंने मोहाली फेज-3बी1 की इस इमिग्रेशन कंपनी से संपर्क किया। वह अपने बेटे जसकरण सिंह को पढ़ाई के लिए कनाडा भेजना चाहते थे। गुरचरण सिंह ने कहा कि कंपनी ने पहले उनसे वादा किया कि वीजा जारी होने के बाद ही रुपये लिए जाएंगे, लेकिन वीजा अप्लाई करने के बाद अलग-अलग कामों के लिए 5,91,600 रुपये ले लिए गए। बाद में वीजा रिजेक्ट होने पर रकम वापस नहीं की। गुरचरण सिंह का दावा है कि पड़ताल करने पर पता चला है कि पूरी फीस जमा न करवाने के कारण वीजा रद्द हुआ है।
गुरचरण सिंह ने एसएसपी से इस कंपनी के खिलाफ ठगी व इमिग्रेशन एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। एसएसपी ने मामले की शुरुआती जांच के आदेश दे दिए हैं। जांच में मामला ठगी का पाए जाने पर कंपनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा सकता है।