इंडिया-न्यूजीलैंड के क्रिकेट मैच पर सट्टा खिलाने वाले दो गिरफ्तार
- होटल के रूम में छापेमारी कर पुलिस ने दबोचा, केस दर्ज
- आरोपियों के कब्जे से 10 मोबाइल फोन, लैपटॉप, एलईडी टीवी और 2300 रुपये बरामद
- हरियाणा के फतेहाबाद के रहने वाले हैं आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
जीरकपुर। ढकोली पुलिस ने बुधवार को इंडिया-न्यूजीलैंड के क्रिकेट मैच पर लोगों को सट्टा खिलाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने होटल में छापेमारी कर दो आरोपियों को काबू कर उनके खिलाफ गैंबलिंग एक्ट की धारा के तहत केस दर्ज किया है। आरोपियों के कब्जे से सट्टा लगाने में इस्तेमाल किए जा रहे उपकरण और नकदी बरामद की है। आरोपियों की पहचान हरियाणा के जिला फतेहाबाद में रतिया के कमल कुमार और हिमांशु उर्फ हनी के रूप में हुई है। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
बुधवार को पुलिस विभाग को सूचना मिली थी कि पीरमुच्छल्ला के होटल रॉयल स्टार में कुछ लोग क्रिकेट मैच पर सट्टा लगा रहे हैं। एएसआई रमेश लाल के नेतृत्व में गठित टीम ने होटल में जाकर रजिस्टर में दर्ज आरोपियों के रिकार्ड की जांच के लिए उनके कमरे में छापेमारी की। कमरे में कमल और हिमांशु से मुलाकात हुई जिन्होंने पूछताछ में खुद को सट्टेबाज बताते हुए गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस ने कमरे से 10 मोबाइल फोन, चार्जर, कैलकुलेटर, एलईडी टीवी, लैपटॉप व 2300 रुपये बरामद किए।
बाक्स
लोगों को करोड़ों रुपये का लालच देकर फंसाते थे जाल में
जांच अधिकारी रमेश लाल ने बताया कि दोनों आरोपी लंबे समय से सट्टेबाजी के धंधे को अंजाम दे रहे थे। आरोपी लोगों को फोन करते थे, जिनको क्रिकेट मैच दौरान टीमों के खिलाड़ियों द्वारा बनाए जाने वाले स्कोर से लेकर मैच की जीत-हार को लेकर डील करवाते थे। वहीं, ऐसा करके लोगों को कुछ रुपयों से करोड़ों रुपये कमाने का लालच देकर ठगी करके अपना ठिकाना बदलकर भाग जाते थे।
कोट्स
गुप्त सूचना के आधार पर रॉयल स्टार होटल पीरमुच्छल्ला में पुलिस पार्टी ने छापेमारी की, जिसमें दो लोगों को क्रिकेट मैच पर सट्टेबाजी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।
-सतिंदर सिंह, एसएचओ, पुलिस थाना ढकोली।