अब खरड़ में शामलात जमीन पर खनन
पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद काम रुकवाया, मामले की जांच जारी
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। अभी माजरी ब्लॉक में अवैैध खनन का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा था कि सन्नी इनक्लेव के पास आठ कनाल शामलात जमीन पर खुदाई कर अवैध माइनिंग का मामला सामने आया है। इलाके के लोगों ने इस संबंधी एसडीएम, पुलिस और माइनिंग विभाग को शिकायत दी है। इसके बाद पुलिस ने फिलहाल काम रुकवा दिया है। मामले की जांच की जा रही है। लोगों का आरोप है कि इलाके का एक नामी बिल्डर यह काम करवा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद स्थिति साफ होगी।
सन्नी इनक्लेव में करीब आठ एकड़ शामलात जमीन है। इलाके के लोगों ने बताया कि उक्त जमीन के पास लोगों के घर है। रविवार को अचानक खाली पड़ी जमीन में से मिट्टी निकालने का काम शुरू हो गया। दस से पंद्रह फुट तक गहरे गड्ढे खोद डाले गए। जब लोगों ने विरोध किया तो भी वे लोग नहीं रुके। इसके बाद इलाके के लोग एकजुट हो गए। साथ ही मामले की एसडीएम, डीसी व पुलिस को शिकायत दी। इसके बाद पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। उसने इलाके में आकर चल रही खुदाई का काम रुकवा दिया।
इस दौरान लोगों का कहना था कि नियमों के खिलाफ सारा काम हो रहा था। इसके चलते लोगों ने शिकायत दी। इसके अलावा वे अब सीएम को भी शिकायत देने की तैयारी में हैं। किसी को भी नियमों के विपरीत काम नहीं करने दिया जाएगा।
वहीं, लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की उचित जांच की जाए। एक तरफ जहां खुदाई हो रही थी वहां पर रिहायशी एरिया लगता है।