शहर में डाली सीवरेज लाइन की विजिलेंस ने शुरू की जांच
गमाडा ने करोड़ों रुपयों की लागत से डाली थे सीवरेज लाइन, ठप होने की शिकायतों के बाद विभाग ने लिया संज्ञान
अमर उजाला ब्यूरो
कुराली। शहर में करोड़ों रुपयों की लागत से गमाडा द्वारा डाली गई सीवरेज लाइन के ठप होने की शिकायतों को लेकर विजिलेंस विभाग ने जांच शुरू कर दी है। विभाग की अलग-अलग जगहों पर जाकर सीवरेज लाइन को देखा।
विजिलेंस अधिकारियों हरबंत सिंह, सुरिंद्र कुमार एसई और रजिंद्रपाल एई के नेतृत्व में वाली टीम ने सीवरेज प्रोजेक्ट की जांच करते हुए पहले अधरेडा की नदी के पास बनाए गए ट्रीटमेंट प्लांट की कारगुजारी देखी। इसके बाद टीम ने पपराली रोड सहित शहर की अन्य जगहों पर सीवरेज के ओवरफ्लो हो रहे मैनहोल को देखते हुए जांच की।
पपराली रोड पर इंटर नेशनल स्कूल के डायरेक्टर आशोक कौशल ने मैनहोल में निकलते दूषित पानी कारण पेश आ रही समस्या के बारे में टीम को जानकारी दी। मौके पर किसानों ने विजिलेंस विभाग के अधिकारियों को मैनहोल से निकल रहे दूषित पानी के कारण उनकी फसलों के हो रहे नुकसान के बारे में बताया। पार्षद बहादुर सिंह ओके, अश्वनी शर्मा और अन्य ने शहर में सीवरेज डालने के समय की गई लापरवाही और प्रयोग किए मैटीरियल की उच्च स्तरीय जांच की मांग की। कुछ दिन पहले पार्षद बहादुर सिंह ओके ने शहर में ठप पड़ी सीवरेज लाइन का मामला उठाते हुए इसकी विजिलेंस जांच की मांग की थी।
लोगों से बात कर तैयार होगी रिपोर्ट
विजिलेंस टीम के अधिकारी हरबंस सिंह और अन्य ने बताया कि पहले शहर के अलग-अलग हिस्सों में जाकर लोगों से बातचीत करके रिपोर्ट तैयार की जाएगी तथा इसके बाद इस प्रोजेक्ट के कागजातों और बिल आदि की जांच की जाएगी।
विधानसभा में उठाया था मामला
हलका विधायक कंवर संधू ने कहा कि वे शुरू से ही शहर में डाली गई सीवरेज लाइन की जांच की मांग करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मामले की विजिलैंस जांच के लिए लिखने के अतिरिक्त उन्होंने यह मामला विधानसभा में भी उठाया था जिसके बाद ही इस प्रोजेक्ट की जांच का काम शुरू हुआ है।