सेक्टर-69 में रियल एस्टेट कारोबारी के घर के बाहर खड़ी कार को निशाना बनाया
आरोपी बाइक पर आए थे, कारोबारी ने महीना पहले ही खरीदी थी ऑडी कार
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। सेक्टर-69 में सोमवार देर रात घर के बाहर खड़ी रियल एस्टेट कारोबारी की ऑडी क्यू सेवन कार को बाइक सवार तीन लोगों ने निशाना बनाया। आरोपियों ने पहले कार का फ्रंट शीशा तोड़ दिया और फिर बोनट पर किसी नुकीली चीज से हमला किया व तेजाब फेंककर फरार हो गए। सारी वारदात को दो से तीन मिनट में अंजाम दिया गया। घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है, लेकिन आरोपी पहचान में नहीं आ रहे हैं। पीड़ित कारोबारी का कहना है कि महीना पहले ही कार खरीद थी। वहीं, कारोबारी ने इस संबंधी फेज-आठ थाने की पुलिस को शिकायत देकर अपनी व अपने परिवार की जान को भी खतरा जताया है। उन्होंने इस संबंध में पुलिस से उचित कार्रवाई की मांग भी की है। दूसरी तरफ पुलिस की फारेंसिक टीम ने भी मौके का मुआयना किया। साथ ही केस दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
ऐसे किया था कार पर हमला
पुलिस को दी शिकायत में करण ने बताया कि उन्होंने सोमवार शाम छह बजे अपने सेक्टर-69 स्थित मकान नंबर 624 के बाहर कार खड़ी की थी। जब सुबह छह बजे उठे तो उन्होंने देखा कि कार का अगला शीशा टूटा हुआ था। एक बड़े आकार का पत्थर भी वहां पर पड़ा हुआ था। वहीं, देखने में ऐसे लग रहा है कि बोनट पर किसी नुकीली चीज से हमला करने की कोशिश की है। इसके बाद तेजाब फेंका गया। यह तेजाब उनके गेट की ग्रिल पर भी पड़ा हुआ था।
रात को आई थी धमाके की आवाज, लगा पटाखे चल रहे हैं
करण ने बताया कि रात को 12 बजे उन्होंने जोर से धमाके की आवाज भी सुनी थी। उन्हें संदेह है कि उस समय ही आरोपियों न वारदात को अंजाम दिया था। हालांकि उन्हें लगा कि लोग पटाखे आदि चल रहे हैं। ऐसे में वह घर के बाहर नहीं निकले थे। उन्होंने कहा कि अगर उस समय वह निकल आए होते तो शायद वह आरोपियों का शिकार हो जाते।
दो मिनट में दिया वारदात को अंजाम
करण के मुताबिक इलाके में लगे कैमरों के मुताबिक यह रात वारदात सोमवार रात 12:34 से 12:37 के बीच की है। आरोपी इसके बाद तुरंत फरार हो गए। उनके पड़ोसियों ने भी आरोपियों को भागते देखा है। हालांकि किसी को इस बारे में उचित जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है।
इस तरह के पहले भी हो चुके हैं हमले
यह पहला मौका नहीं है। इससे पहले भी इस तरह के केस सामने आ चुके हैं। जब लोगों की घरों के बाहर खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाया गया। फेज-एक और सेक्टर-80 में इस तरह के केस दर्ज हो चुके हैं। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।