पंजाब रोडवेज का पूर्व कंडक्टर हेरोइन सप्लाई करते गिरफ्तार
एसटीएफ ने दारा स्टूडियो के पास से स्पेशल नाके पर दबोचा
आरोपी पैदल ही चला आ रहा था, पुलिस को देखकर भागने लगा
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली।
एसटीएफ व फेज-छह चौकी की पुलिस ने ज्वाइंट ऑपरेशन के दौरान एक व्यक्ति को दस ग्राम हेरोइन समेत गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जसविंदर सिंह निवासी जिला संगरूर के गांव अन्नदाणा के रूप में हुई है। वहीं, मौजूदा समय मे मोहाली के गांव शाहीमाजरा में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले पंजाब रोडवेज में कंडक्टर था। इसके बाद उसने नौकरी छोड़कर सिंडीकेट बस लीज पर ली थी। कुछ दिन बाद उसने वह भी छोड़ दी थी। बाद में बस ड्राइवर बन गया था। बिजनेेस में नुकसान होने के बाद वह हेरोइन सप्लाई करने लगा था। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच चल रही है। चौकी फेज के इंचार्ज बलजिंदर सिंह मंड ने आरोपी को गिरफ्तार करने की पुष्टि की है।
जानकारी के मुुताबिक, पुलिस ने नशा तस्करों पर शिकंजा कसने के लिए फेज-छह स्थित दारा स्टूडियो के पास नाका लगाया था। इस दौरान नाके पर पुलिस को देखकर एक व्यक्ति पीछे की तरफ मुड़ने लगा। तभी पुलिस ने संदेह होने पर उसे दबोच लिया। जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से हेरोइन बरामद हुई। जब हेरोइन का वजन किया गया तो यह दस ग्राम निकली। जब उससे इस बारे में पूछा गया तो वह पहले कोई उचित जवाब नहीं दे रहा था। बाद में आरोपी ने बताया कि जब उसे कारोबार में नुकसान हुआ तो उसने यह राह चुन ली थी। पुलिस ने आरोपी को जिला अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को जेल भेज दिया है। जिक्रयोग है कि यह पहला मौका नहीं है। इससे पहले भी इसी थाने की पुलिस इंटरनेशनल हॉकी खिलाड़ी समेत कई लोगों ड्रग तस्करी में काबू कर चुकी है।
पीआरटीसी में हेराफेरी से गई थी नौकरी
पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी ने पीआरटीसी में करीब सात साल नौकरी की है। वहां पर टिकटों में हेराफेरी करते समय विभाग के अधिकारियों ने दबोच लिया था। इसके बाद इस मामले की गंभीरता से जांच हुई थी। साथ ही आरोपी को नौकरी से हाथ धोने पड़े थे।