मोहाली। गांव बलौंगी कॉलोनी के आजाद नगर में स्थित शिव मंदिर के पास 150 मीटर के दायरे में चल रही मीट-मांस की दुकानों को बंद करवाने की मांग को लेकर मंगलवार को मंदिर प्रबंधन और शिव सेना से जुड़े नेताओं ने रैली निकाली। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन के दौरान यातायात बाधित रहा और आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन के दौरान अरविंद गौतम, सरबजीत सिंह रॉकी, अनिल कुमार गुड्डू, रीटा सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि धार्मिक स्थल के इतने पास मांस की दुकानें होना धार्मिक भावनाओं के खिलाफ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि दुकानों में मुर्गे काटने के बाद निकलने वाला खून और कचरा सड़कों पर फेंका जाता है, जिसे पक्षी उठाकर मंदिर के गुंबद तक पहुंचा देते हैं। उन्होंने प्रशासन पर लंबे समय से शिकायतों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि 72 घंटे के भीतर दुकानें नहीं हटाई गईं तो पक्का मोर्चा लगाया जाएगा। धरने में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. सुभाष शर्मा और जिला अध्यक्ष संजीव वशिष्ठ मौके पर पहुंचे। उन्होंने डिप्टी कमिश्नर मोहाली से फोन पर बातचीत कर प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिलाया कि धारा 133 के तहत दुकानों पर कार्रवाई की जाएगी, जिसके बाद सड़क जाम हटा लिया गया। इसके बाद डीसी को मांग पत्र सौंपते हुए चेतावनी दी गई कि 24 तारीख दोपहर एक बजे तक कार्रवाई न होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।