नया ट्यूबवेल लगाने की मांग, वार्डवासियों ने दी सड़कों पर उतरने की चेतावनी टैंकरों से पानी उपलब्ध करवाने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
लांडरां/बनूड़। बनूड़ के वार्ड नंबर 11 में पिछले पांच महीनों से दूषित पानी की सप्लाई होने से परेशान लोगों ने पंजाब सरकार और नगर परिषद अधिकारियों के खिलाफ रोष जताते हुए नारेबाजी की। वार्डवासियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द नया ट्यूबवेल लगाने के लिए कार्रवाई नहीं की गई, तो वे इलाके के लोगों को साथ लेकर सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे।
वार्ड के पार्षद साधु सिंह, सुखदर्शन सिंह, जोरा सिंह, परविंदर सिंह, गुरमेजर सिंह, सुरिंदर सिंह, कुलदीप सिंह और अन्य निवासियों ने बताया कि भीषण गर्मी के दौरान भी नगर परिषद लोगों को पीने के लिए साफ पानी उपलब्ध नहीं करवा सकी। उन्होंने कहा कि पानी हर व्यक्ति की बुनियादी जरूरत है, लेकिन अधिकारियों ने इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान नहीं दिया। प्रदर्शन में शामिल वार्डवासियों ने प्रशासन से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की।
कई बार शिकायत के बावजूद समाधान नहीं
वार्डवासियों के अनुसार, दूषित पानी की सप्लाई के संबंध में नगर परिषद अधिकारियों को कई बार सूचित किया गया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। दूषित पानी पीने से लोगों के गंभीर बीमारियों की चपेट में आने का खतरा है। पार्षद साधु सिंह ने भी नगर परिषद और सीवरेज बोर्ड के अधिकारियों के समक्ष मामला उठाया, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
लोगों ने पंजाब सरकार और नगर परिषद अधिकारियों से जल्द नया ट्यूबवेल लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि समाधान नहीं होने पर होने वाले प्रदर्शन की जिम्मेदारी सरकार और प्रशासनिक अधिकारियों की होगी।
वार्डवासियों की दो प्रमुख मांगें
नया ट्यूबवेल लगने तक पानी के टैंकरों से पीने का पानी उपलब्ध करवाया जाए।
अन्य ट्यूबवेलों से पानी की सप्लाई का समय बढ़ाकर लोगों को राहत दी जाए।