फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जीरकपुर की दशमेश एनक्लेव में एक माह से सप्लाई हो रहा दूषित पानी

विज्ञापन
दशमेश एनक्लेव में सप्लाई हो रहा दूषित पानी। - फोटो : MOHALI
विज्ञापन
जीरकपुर। जीरकपुर-पटियाला रोड पर स्थित दशमेश एनक्लेव में एक माह से सीवरेज युक्त पेयजल सप्लाई हो रहा है। इस समस्या के समाधान के लिए स्थानीय लोग नगर परिषद और नेताओं से कई बार गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अभी तक उन्हें राहत नहीं मिली है। इसके चलते लोगों को बाहर से खरीदकर पानी पीना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले साल भी करीब दो महीने तक उन्हें दूषित पानी की सप्लाई मिली थी। अब दोबारा से उसी तरह की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
विज्ञापन

चुनाव में व्यस्त हैं अधिकारी
स्थानीय निवासी हरबंस सिंह, हरबंस कौर, नितेश कुमार, हंस राज मित्तल और विमल कुमार आदि ने बताया कि वह समस्या संबंधी पूर्व पार्षद से मिल चुके हैं। लेकिन वह यह कहकर अपना पीछा छुड़वा लेते हैं कि उनका कार्यकाल समाप्त हो चुका है। इसके अलावा नगर परिषद के अधिकारी निकाय चुनावों में व्यस्त हैं। इसलिए कोई उनकी समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहा है।
पेयजल की समस्या गंभीर
बता दें कि साल 2003 में जीरकपुर में 35 फुट पर लोगों को पीने योग्य पानी मिल जाता था। साल 2000 आते-आते पानी का स्तर 300 फुट तक पहुंच गया। अभी की स्थिति पर बात करें तो जीरकपुर में कई जगह ऐसी हैं जहां 700 से 800 फुट पर बोर हो रहा है। अगर आने वाले समय में कजौली वाटर वर्कस से पानी नहीं आया तो पेयजल की समस्या गंभीर हो जाएगी। अभी वर्तमान में बलटाना हरमिलाप नगर फेज-दो, ढकोली की कृष्णा एनक्लेव-वन और दो, बलटाना की शनि एनक्लेव, पभात का गोदाम क्षेत्र, शिवा एनक्लेव, ग्रीन एनक्लेव, जीरकपुर का लोहगढ़, ग्रीन पार्क कॉलोनी लोहगढ़ और नगला बाजीगर बस्ती में पेयजल की समस्या है। अक्सर यहां लोगों को पानी के टैंकर मंगवाने पड़ते हैं।
विज्ञापन

क्या कहते हैं लोग..
कोट्स
नहीं हो रही सुनवाई
हमारी सोसाइटी के सभी लोग एक महीने से पेयजल की समस्या से परेशान हैं। नगर परिषद को कई बार लिखित में शिकायत भी दे चुके हैं, लेकिन कोई उनकी सुनवाई नहीं कर रहा है। हमारी परिषद के अधिकारियों से अपील है कि वह जल्द से जल्द इस समस्या का हल करें। - नाइटेंगल, निवासी,
दशमेश एनक्लेव पटियाला रोड जीरकपुर।
पीना पड़ रहा गंदा पानी
जब भी चुनाव नजदीक आता है तो हर उम्मीदवार यह कहकर वोट मांगता है कि उनकी हर समस्या का समाधान करवाया जाएगा। लेकिन चुनाव जीतने के बाद कोई भी उम्मीदवार अगले चुनाव तक दिखाई नहीं देता है। आज जब हम गंदा पानी पीने को मजबूर हैं तो कोई हमारी सुनवाई नहीं कर रहा है। - कमला देवी, निवासी, दशमेश एनक्लेव निवासी।
पानी से आती है बदबू
पहले भी यहां पीने वाले पानी की पाइपलाइन खराब होने के चलते करीब दो महीने परेशानी झेलनी पड़ी थी। अब फिर से सीवरेज मिला पानी आ रहा है। अगर हम यह पानी पीते हैं तो बीमार पड़ सकते हैं। अब तो पानी से बदबू भी आने लगी है। इस समस्या का समाधान जल्द होना चाहिए। - गुरमीत कौर, दशमेश एनक्लेव, जीरकपुर।
नहीं सुन रहे अधिकारी
हमने जब यहां घर खरीदा था, तो सोचा था कि जीरकपुर अच्छा शहर है। लेकिन हमें क्या पता था कि यहां पीने वाले पानी के लिए भी महीनों तरसना पड़ेगा। यहां न तो उनकी कोई बात नगर परिषद के अधिकारी सुनते हैं और न ही कोई पार्षद। ऐसे में समस्या के समाधान के लिए कहां जाएं। - चरणजीत कौर, दशमेश एनक्लेव, जीरकपुर।
लोगों को समस्या से निजात दिलाने के लिए टेक्निकल स्टाफ की नियुक्ति की गई है, जो पता कर रहे हैं कि कहां पर रिसाव हो रहा है। जब तक खराबी का पता नहीं लग जाता है, तब तक पीने वाले पानी के टैंकर भेजे जाएंगे। वीरवार को इस संबंधी पता लगने के बाद दो टैंकर भेज दिए गए हैं। समस्या का समाधान न होने तक टैंकर सर्विस जारी रहेगी। - संदीप तिवाड़ी, ईओ नगर परिषद जीरकपुर।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें