मोहाली। नगर निगम के वार्ड-32 के लोगों के घरों में पिछले करीब तीन महीने से सीवरेज मिक्स दूषित पानी की सप्लाई हो रही है। इस कारण स्थानीय लोग बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। इससे परेशान होकर लोगों ने इसकी शिकायत विभाग के अधिकारियों को दी तो उन्हें बदले में केवल आश्वासन ही मिला, लेकिन समस्या का हल नहीं किया गया। इससे दुखी होकर सोहाना के स्थानीय निवासियों ने दूषित पानी की बोतलें हाथ में लेकर प्रशासन और पंजाब सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि एक तो उन्हें सीवरेज मिक्स पानी सप्लाई किया जा रहा है और ऊपर से उनकी सुनवाई नहीं होने से उनकी अनदेखी की जा रही है।
गांववासियों ने बताया कि बीते तीन महीने से उन्हें सीवरेज मिक्स पानी सप्लाई हो रहा है। इस वजह से लोग गंभीर बीमारियों की चपेट में आकर बीमार हो रहे हैं और इलाके में अधिकतर लोग बुखार से पीड़ित होकर अलग-अलग अस्पतालों से इलाज करवा रहे हैं। जबकि गांव सोहाना घनी आबादी वाला इलाका है और यहां कभी भी हैजा या डेंगू बुखार फैलने का खतरा बना हुआ है। दूसरी ओर दूषित पानी की सप्लाई की शिकायत विभाग के अधिकारियों से की तो उनकी ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। वहीं, इसकी शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों से की गई तो शिकायत का निवारण करने के बजाए लोगों को फोन करके कनेक्शन काटने की धमकियां देना शुरू कर दी। इसको लेकर गांव सोहाना की महिलाओं ने एकत्रित होकर हाथों में सीवरेज मिक्स दूषित पानी की बोतलें दिखाकर नगर निगम और प्रशासन के साथ-साथ पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर रोष प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। इस मौके पर प्रदर्शनकारियों ने गांव में लोगों को मिल रही सीवरेज मिक्स दूषित पानी की सप्लाई को जल्द से जल्द ठीक करने की मांग की और समस्या का समाधान न होने पर संघर्ष तेज करने की चेतावनी दी।
ये कहना है दूषित पानी से परेशान लोगों का
अधिकारी नहीं दे रहे ध्यान
सीवरेज मिक्स पानी पिछले तीन महीनों से आ रहा है और इसकी शिकायत तक निगम के अधिकारियों को की गई है। लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। अब आलम यह है कि दूषित पानी पीकर घर में लोग बीमार तक पड़ रहे हैं।
-स्वर्ण कौर, स्थानीय निवासी।
रात को ही हो रही पानी की सप्लाई
गांव में एक तो लगातार दूषित पानी आ रहा है और ऊपर से पानी की सप्लाई रात के समय ही की जाती है। इस वजह से घर में पानी के दो टैंक बनाने पड़े, जिससे एक टैंक खत्म होने की सूरत में दूसरे टैंक के पानी का इस्तेमाल किया जा सके।
-संतोष रानी, स्थानीय निवासी।
पंप ऑपरेटर बोला अधिकारियों को बोलो
जब दूषित पानी आने के बारे में ट्यूबवेल पर पंप ऑपरेटर को कई बार शिकायत की गई तो उसने इसका कोई कारण नहीं बताया और एक ही जवाब मिला कि इसके बारे में सीनियर अधिकारियों को बता दिया है। लेकिन समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है।
-किरण रानी, स्थानीय निवासी।
बाजार से खरीदकर ला रहे पानी
जब भी पीने के लिए पानी की जरूरत पड़ती है तो नगर खेड़ा में लगे हैंडपंप चलाकर वहां से भरकर लाते हैं। इसके अलावा बाजार से पानी खरीदकर गुजारा करना पड़ रहा है। प्रशासन को कई बार शिकायत दी है, लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
-मनदीप कौर, स्थानीय निवासी।
शिकायत देने पर किया नजरअंदाज
मैंने विभाग के अधिकारियों को जब सीवरेज मिक्स पानी आने की शिकायत दी तो पहले तो नजरअंदाज कर दिया। जबकि इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की गई तो मुझे फोन पर कनेक्शन काटने की धमकियां मिलने लगी। फोन पर कौन बोल रहा था इसका पता नहीं। -बलवीर सिंह, स्थानीय निवासी।
धमकी देना है गलत बात
लोगों को साफ पानी मुहैया करवाना प्रशासन की अहम जिम्मेदारी है और अगर साफ पानी नहीं मुहैया करवा सकते तो लोगों को कनेक्शन काटने की धमकी देना गलत बात है। मैं इसकी कड़े शब्दों में निंदा करता हूं। दरअसल ऐसी कारगुजारी से कांग्रेस पार्टी का असली चेहरा सामने आता है, जो कहती कुछ और है करती कुछ ओर ही है।
-सुरिन्दर सिंह, पूर्व पार्षद, वार्ड-32, नगर निगम मोहाली।
अधिकारियों की टीम करेगी मौके का दौरा
गांव सोहाना में दूषित पानी की समस्या को लेकर अधिकारियों को निर्देश दे दिए हैं और जल्द ही तकनीकी विभाग से जुड़े अधिकारियों की टीम मौके का दौरा करके इस समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा। जबकि विरोधी पार्टियों का काम तो सत्ताधारी दलों के खिलाफ बयानबाजी करने का बहाना ढूंढती रहती है।
-हरजीत सिंह भोलू, पार्षद, वार्ड-32, नगर निगम मोहाली।
टेक्नीकल जांच के बाद पता चलेगा कारण
यह मामला मेरी जानकारी में है, इसके लिए मैं खुद गांव सोहाना में जाकर ट्यूबवेल में चेक करवाऊंगा कि वहां तो गड़बड़ नहीं है, नहीं तो किसी पाइपलाइन में दिक्कत हो सकती है। इसके लिए कर्मचारियों को कार्रवाई करने के लिए कहा जाएगा। रही बात कनेक्शन काटने की तो जरूर किसी व्यक्ति ने पानी का कनेक्शन गलत तरीके से जोड़ रखा होगा, और वहीं से पाइप में दूषित पानी मिल रहा होगा। यह भी टेक्नीकल जांच के बाद ही साफ हो पाएगा। -दीपांश गुप्ता, जेई, वॉटर वर्क्स मोहाली।