जीरकपुर। बलटाना में स्थित एकता विहार सोसायटी में दो प्लॉटों के तीन बनाकर इनके ऊपर अवैध निर्माण करने का आरोप लगाकर सोसायटी निवासियों ने शुक्रवार को काम बंद करवा दिया। यह मामला पिछले कई महीने से गरमाया हुआ है। सोसायटी निवासियों ने इसकी शिकायत निकाय विभाग के डायरेक्टर को दी तो उन्होंने काउंसिल के कार्यकारी अधिकारी को उचित कार्रवाई का आदेश दिया।
बलटाना के लोगों ने काउंसिल के अधिकारियों पर उनकी सोसायटी में नियम तोड़कर अवैध निर्माण करवाने के संगीन आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी सोसायटी में 250, 250 गज के दो प्लाट पड़े थे। इन्हें प्लॉट मालिक ने अवैध तरीके से तीन प्लॉट बनाकर इन पर निर्माण कर रहा है। इसका वह विरोध कर रहे हैं। विरोध कर रहे सोसायटी निवासी संदीप बावा, प्रकाश चंद, स्वामी चरण, एसी अरोड़ा, कुलविंदर सेठी, दिनेश शर्मा, कमलजीत कौर, स्नेह लता पराशर, वीना शर्मा ने बताया कि उनकी सोसायटी में 250-250 गज के प्लॉट की लाइन है। लेकिन प्लॉट नंबर 158 और 159 के मालिक ने इनके तीन बना दिए हैं। ऐसा करने से कॉलोनी की सुंदरता खराब हो जाएगी और पार्किंग की भी समस्या हो जाएगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि 250 गज के दो प्लॉटों की तीन रजिस्ट्रियां करवा ली गई हैं। लोगों ने बताया कि अकाली दल सरकार के समय प्रस्ताव पास किया गया था कि बड़े प्लॉटों को छोटे प्लॉट बनाकर निर्माण नहीं किया जा सकता। लेकिन अधिकारियों की मिलीभगत से हेराफेरी हो रही है। इसकी काउंसिल के ईओ गिरीश वर्मा को शिकायत दी गई थी, लेकिन उन्होंने ठोस कार्रवाई नहीं की। लोगों ने एक शिकायत एडीसी मोहाली को भी दी थी। इस कार्रवाई करते हुए एडीसी ने निर्माण पर रोक लगा दी थी। लेकिन प्लॉट मालिक निर्माण कर रहा है। इसके बाद हमें निकाय विभाग के डायरेक्टर के पास जाना पड़ा, तब जाकर शुक्रवार शाम को काम बंद करवाया गया है।
कोट्स
एकता विहार कॉलोनी में जो नक्शे काउंसिल ने पास किए हैं, वह सरकार की हिदायतों के मुताबिक ही पास किए गए हैं। लेकिन आज सोसायटी के कुछ लोग डायरेक्टर साहब से मिले थे और उनके आदेशों के बाद काम रोक दिया गया है। जब तक वह अपने कागजात वेरिफाई नहीं करवाते तब तक काम बंद रहेगा। -रवनीत सिंह, कार्यकारी अधिकारी, नगर काउंसिल जीरकपुर।
कोट्स :::
नगर काउंसिल जीरकपुर के पहले ईओ गिरीश वर्मा ने हमारे नक्शे पास किए थे। लेकिन सोसायटी के कुछ लोगों की शिकायत के बाद एडीसी मोहाली ने नगर काउंसिल जीरकपुर से रिपोर्ट तलब की थी। इसके बाद मौजूदा ईओ रवनीत सिंह ने रिपोर्ट बनाकर भेजी थी। हम नक्शों के हिसाब से काम कर रहे हैं। हमारे नक्शे पास हैं। -मोहन मित्तल, प्लॉट मालिक।