मोहाली। एआई समिट को लेकर की गई टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा शनिवार को फेज 3 व 5 की लाइट पॉइंट पर विरोध प्रदर्शन किया गया। युवा मोर्चा के जिला प्रधान ताहिल शर्मा की अगुवाई में किए गए प्रदर्शन में जिला प्रधान संजीव वशिष्ट, मंडल प्रधान संजीव जोशी, जसविंदर सिंह, अनिल कुमार समेत कई नेता मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से सार्वजनिक रूप से माफी की मांग की और इसे देश की अंतरराष्ट्रीय छवि को ठेस पहुंचाने वाला बयान बताया।
भाजयुमो नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज वैश्विक मंचों पर दुनिया के नेताओं की मेजबानी कर रहा है और टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। वहीं, कांग्रेस नेतृत्व द्वारा की गई टिप्पणी को उन्होंने गैर-जिम्मेदाराना और अपमानजनक करार दिया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और कहा कि ऐसे बयान देश के युवाओं और वैज्ञानिक उपलब्धियों का अपमान हैं। भाजयुमो का आरोप है कि विपक्ष इस तरह की भाषा का प्रयोग कर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहा है।