जीरकपुर। अगर आपने शहर में कोई प्रॉपर्टी खरीदी है और उसका नक्शा पास करवाना चाहते हैं तो उसके लिए अब आपको ऑनलाइन के साथ मैनअुल तरीके से भी नक्शा पास करवाने की सुविधा मिलने वाली है। हालांकि इसके लिए अभी थोड़ा इंतजार करना होगा, क्योंकि काउंसिल अधिकारियों ने एक प्रस्ताव निकाय विभाग के उच्च अधिकारियों को भेजा है, जिसको अफसरों की मंजूरी के बाद लागू कर दिया जाएगा।
चंडीगढ़ से सटे जीरकपुर में दूसरे राज्यों से आकर अपना आशियाना बनाने वालों को नक्शा पास करवाने में काफी समस्या पेश आ रही है। चूंकि पहले नगर काउंसिल में नक्शा पास करने की प्रक्रिया मैनुअल होती थी, जिसके चलते लोग दफ्तर में आकर फाइल को सबमिट करवाते थे, परंतु निकाय विभाग के पूर्व मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने नक्शा पास करने की सुविधा को ऑनलाइन प्रक्रिया में तबदील कर दिया। ऐसा इसलिए किया गया ताकि नक्शा पास करने को लेकर होने वाली धांधली को खत्म किया जा सके।
नगर काउंसिल/परिषदों में नक्शा पास करने की सुविधा को मैनुअल से बंद करके ऑनलाइन में तबदील करने का नतीजा यह हुआ कि आवेदक को अपनी फाइल सबमिट करने के लिए ऑनलाइन जैसी जटिल प्रक्रिया से जूझना पड़ता है। ऑनलाइन अप्लाई करने वालों की फाइल किसी न किसी मापदंड के पूरा न होने के चलते रिजेक्ट होने से लोगों ने नक्शे को दोबारा से अप्लाई करना ही बंद कर दिया और राज्य सरकार की इस सुविधा को रिस्पांस नहीं दिया।
जीरकपुर नगर काउंसिल के असिस्टेंट टाऊन एंड कंट्री प्लानर राजेश जिंदल ने बताया कि नगर काउंसिल द्वारा बनाए गए प्रस्ताव को निकाय विभाग के सीनियर अफसरों की फाइनल मंजूरी का इंतजार है। इसके बाद यहां ऑनलाइन के साथ-साथ मैनुअल तरीके से भी लोग अपने घरों का नक्शा पास करवा सकेंगे।