मोहाली/मुल्लांपुर। मुल्लांपुर के न्यू चंडीगढ़ इलाके में बुधवार शाम सवा 4 बजे गैंगस्टर लक्की पटियाल का खास गुर्गा सीआईए स्टाफ के साथ मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हो गया।
आरोपी की पहचान नवजोत सिंह के रूप में हुई है। उसके बाएं पैर में गोली लगी है। बताया जा रहा है कि सीआईए की टीम उसे पकड़ने गई थी। उसे आत्मसमर्पण के लिए कहा, लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में नवजोत के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे सिविल अस्पताल फेज-6 में भर्ती करवाया है। उसके खिलाफ थाना मुल्लांपुर में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट में केस दर्ज किया है। सीआईए स्टाफ को उसके मुल्लांपुर क्षेत्र में छिपे होने की सूचना मिली थी, इसके बाद कार्रवाई की गई है। आरोपी से एक स्टेनगन, दो मैग्जीन और दो अन्य तरह की मैग्जीन व दूसरे हथियार बरामद हुए हैं। सीआईए स्टॉफ के इंस्पेक्टर हरमिंदर सिंह को इनपुट मिला था कि गैंगस्टर लक्की पटियाल से संबंध रखने वाला नवजोत सिंह मुल्लांपुर क्षेत्र में ईको सिटी-1 के मकान नंबर-5077 में छिपा हुआ है।
यह मकान नवजोत सिंह का ही है, जबकि वह मुल्लांपुर के गांव पड़ौल का रहने वाला है और इस मकान में कभी-कभी आता था। संवाद