कुराली। शहर में चीनी डोर की चपेट में आने से दोपहिया चालकों के साथ आए दिन जानलेवा हादसे हो रहे हैं। इससे किसी की जान भी जा सकती है।
कुराली-चंडीगढ़ रोड पर अपनी पत्नी के साथ बाइक पर जा रहे एक व्यक्ति के गले में अचानक चीनी डोर फंस गई और इससे गले पर गहरा कट लगने से वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। पीछे बैठी पत्नी ने हाथ से गले से बहता खून रोका और करीब दो किलोमीटर तक अस्पताल तक पहुंचे। यहां पति को भर्ती करवाया। जख्मी व्यक्ति की पहचान गोपाल के रूप में हुई है और वह मूलरूप से यूपी का रहने वाला है। जिस दौरान यह हादसा हुआ वह अपनी पत्नी के साथ बाइक पर किसी रिश्तेदार के पास जा रहा था। लोगों ने बताया कि यह हादसा उस समय हुआ जब वह पत्नी के साथ बाइक पर खरड़ की ओर आ रहा था।
जब वह कुराली में चंडीगढ़ रोड पर हीरो होंडा मोटरसाइकिल की एजेंसी और तनवीर होटल के नजदीक पहुंचा तो अचानक किसी पतंग उड़ाने वाले की प्रतिबंधित चीनी डोर उसके गले में फंस गई। इस कारण गर्दन पर गहरा कट बनने से वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। शहर के निवासियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि जिला प्रशासन और प्रदूषण विभाग पंजाब स्थानीय शहर और क्षेत्र में चीनी डोर बेचने और खरीदने वालों पर पूर्ण पाबंदी लगाए। जो चीनी डोर बेचता और खरीदता पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।