गैंगस्टरों व अन्य आपराधिक तत्वों की तलाश में मोहाली पुलिस ने चलाया ऑपरेशन ईगल-3
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। गैंगस्टरों व अन्य आपराधिक तत्वों की तलाश में मोहाली पुलिस ने मंगलवार शाम व्यापक तलाशी अभियान (ऑपरेशन ईगल-3) चलाया। एसपी आकाशदीप औलख के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड पर शाम पांच बजे तलाशी अभियान चलाया गया। रेलवे स्टेशन मोहाली पर शाम को अचानक पुलिस की गतिविधि बढ़ी और उसके एक हिस्से को सील किया गया, वहां पड़े लावारिस बैग के आसपास सभी को हटा दिया गया। कुछ देर में सायरन बजाते हुए बम स्क्वायड व डॉग स्क्वायड के वाहन में मुलाजिम पहुंचे। वाहन से एक कर्मी सुरक्षा संसाधनों से लेस होकर आया और दूसरी तरफ डॉग स्क्वायड की टीम डॉग व अन्य मशीन लेकर चेकिंग करने लगी।
बाद में एसपी आकाशदीप औलख, डीएसपी हरसिमरन बल अपनी पुलिस पार्टी के साथ वहां पहुंचे और बताया कि ईगल ऑपरेशन -3 चलाया जा रहा है। इस ऑपरेशन दौरान केवल बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन की जांच की जानी है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। पुलिस टीमों ने बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर आने जाने वाले यात्रियों के सामान की चेकिंग की। हालांकि इस ऑपरेशन के तहत पुलिस ने कुछ बरामद नहीं किया। काफी देर ट्रेन को रोककर उसमें बैठी सवारियों से पूछताछ भी की गई।
इसके अलावा पुलिस ने यह सुनिश्चित किया कि तलाशी के दौरान लोगों को परेशान न किया जाए। एसपी औलख ने कहा कि आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए जाम आने वाले समय में इसी तरह का तलाशी अभियान चलाया जाएगा। अक्सर देखने में आ रहा था कि शरारती तत्व आपराधिक गतिविधियों को अंदेने के लिए सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करते हैं। उन पर नकेल कसने के लिए सार्वजनिक परिवहन को जांचा गया है। एसपी औलख ने लोगों से अपील की है कि अगर उन्हें किसी संदिग्ध का पता चलता है वह तुरंत पुलिस से संपर्क करें, ताकि उन पर समय रहते कार्रवाई की जाए।