लांडरां/बनूड़। वार्ड नंबर एक नए बस स्टैंड के नजदीक एक घर में चोर सेंध लगाकर करीब एक लाख रुपये और 10 तोले सोने के गहने ले गए। मालिक के सुबह दुकान पर आने पर चोरी का पता चला।
चगेरा के निवासी और बनूड़ में रहते घर के मालिक परमजीत सिंह भंगू ने बताया कि वार्ड नंबर एक में उसने सबमर्सीबल मोटर का काम शुरू किया हुआ है। दुकान के ऊपर ही वह परिवार समेत रहता है। कुछ दिन से उसका परिवार भाभी का ऑपरेशन होने के कारण गांव में रह रहा था। वह भी सुबह दुकान पर आता था और रात को गांव चला जाता था। सोमवार सुबह 9 बजे दुकान पर आया तो उसने घर की खिड़की पर बेड की चादरें लटकती देखीं। अंदर जाकर देखा तो ताले टूटे पड़े थे और सामान बिखरा पड़ा था।
पीड़ित ने बताया कि चोर बरामदे के दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए और चोरी के बाद खिड़की पर बेड की चादरें बांधकर चले गए। चोरी की आसपास के लोगों को भनक तक नहीं लगी। एएसआई मनीष कुमार ने पुलिस पार्टी समेत मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की। पटियाला से फोरेंसिक माहिर टीम को बुलाया गया जिन्होंने तोड़ी गई अलमारियों और अन्य जगह से फिंगरप्रिंट उठाए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।