डेराबस्सी। गांव हरिपुर कुडां में एक परिवार के साथ मारपीट के दौरान महिला के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को शिकायतकर्ता निवासी परवाणू, हिमाचल प्रदेश ने बताया कि 26 जनवरी को वह अपनी पत्नी और मां के साथ डेराबस्सी के गांव हरिपुर कुड़ा में अपनी बहन से मिलने आए थे। जब वह रात करीब 8 बजे अपनी पत्नी और मां के साथ खाना खाने के बाद सड़क पर टहल रहे थे तो इसी दौरान गांव के सरबजीत सिंह और उसके बेटे प्रीत ने रास्ते में उनको घेर लिया और बिना किसी बात के गाली-गलौज करके मारपीट करने लगे। जब उन्हें ऐसा करने से रोका तो उन्होंने और ज्यादा मारपीट शुरू कर दी और पत्नी के साथ भी मारपीट कर छेड़छाड़ करते हुए उसके कपड़े भी फाड़ दिए। जब उन्होंने शोर मचाया तो दोनों आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान पर केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।