जीरकपुर। एक दंपती के खिलाफ 18 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि उन्होंने फ्लैट दिलाने का झांसा देकर यह रकम ली, लेकिन न तो रजिस्ट्री कराई और न ही पैसे लौटाए।
पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद यह कार्रवाई की है। यह मामला अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर स्थित सिंघपुरा की एस्कॉन एरिना सोसाइटी से जुड़ा है। शिकायतकर्ता ने बताया कि गीता रानी और दीपक बजाज ने उन्हें एस्कॉन एरिना में फ्लैट दिलाने का भरोसा दिया था। दंपती ने फ्लैट की रजिस्ट्री करवाने के नाम पर शिकायतकर्ता से करीब 18 लाख रुपये ले लिए। रकम लेने के बाद भी आरोपियों ने न तो फ्लैट की रजिस्ट्री कराई और न ही पैसे वापस किए।
शिकायतकर्ता ने बार-बार संपर्क किया, लेकिन आरोपी टालमटोल करते रहे। कोई समाधान न निकलने पर पीड़ित ने पिछले वर्ष नवंबर में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस जांच में लगाए गए आरोप सही पाए गए।