खरड़। शहर में दो किन्नर गुटों में आपसी रंजिश को लेकर सन्नी एनक्लेव में हुई मारपीट के मामले में 4 किन्नरों समेत 7 लोगो के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार किन्नरों के एक गुट ने पिछले तीन सप्ताह में दूसरे किन्नर गुट पर यह तीसरी बार जानलेवा हमला किया है।
किन्नर गुट के ढोलक मास्टर मुहम्मद अरशद की शिकायत पर पूजा महंत, दिलरूबा महंत, सुल्ताना महंत, मुस्कान महंत और तीन अज्ञात बाउंसरों पर मारपीट का केस दर्ज किया गया है। महंत ज्योति ने बताया कि वह 20 साल से खरड़ में खुशी के मौके पर शगुन ले रही है।
करीब 10 साल पहले बाहर से आई एक किन्नर पूजा ने अन्य साथी किन्नरों के साथ मिलकर एक व्यक्ति का गुप्तांग काट दिया था। इस केस में पूजा को 4 और एक अन्य किन्नर को 3 साल की सजा हुई थी। अब दोनों को 4 माह पहले ही जमानत मिली थी। अब पूजा और उसके साथी पीड़ित राजेश को केस वापस लेने के लिए जान से मारने की धमकी दे रहे थे। इसका दबाव बनाने को ज्योति महंत, राजेश और उनके साथियों पर कुछ दिन पहले सन्नी एनक्लेव में पूजा ने साथियों हमला कर मारपीट की थी।
खरड़ सिटी पुलिस स्टेशन थानाध्यक्ष ने बताया कि किन्नरों के दोनों गुटों में अपने-अपने इलाके में बधाई शगुन लेने को लेकर लड़ाई चल रही है। इस मामले की जांच की जा रही है। इस झगड़े में घायल किन्नरों की रिपोर्ट आने के बाद ही सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।