जीरकपुर। वीरवार को हालात उस समय तनावपूर्ण हो गए जब गाजीपुर रोड पर स्थित सावित्री ग्रीन्स-2 सोसाइटी के मालिक ने कांग्रेसी पार्टी के स्थानीय उम्मीदवार को प्रचार करने की मंजूरी नहीं दी। सोसाइटी मालिक के इस रवैये से आहत होकर कांग्रेसी नेताओं ने सोसाइटी के गेट पर धरना लगा दिया।
मामले की शिकायत चुनाव आयोग पहुुंची तो आनन-फानन गेट पर मौजूद कर्मचारियों ने गेट खोलकर कांग्रेसी नेताओं को अंदर जाकर प्रचार करने दिया। बता दें कि सावित्री ग्रीन्स-2 सोसाइटी के एमडी और बिल्डर परमिंदर शर्मा हैं, जो हलका विधायक एनके शर्मा के भाई हैं। दूसरी ओर जब मामला चुनाव आयोग पहुंचा तो बिल्डर तुरंत कांग्रेसी नेताओं को सोसाइटी में दाखिल होने की मंजूरी दे दी।
जानकारी के मुताबिक वार्ड-17 से कांग्रेसी उम्मीदवार नीलम कार्यकर्ताओं के साथ वीरवार को गाजीपुर रोड पर स्थित सोसाइटी में प्रचार कर रही थीं। जब नेताओं का दल सावित्री ग्रीन्स-2 सोसाइटी के पास पहुंचा तो गेट पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें अंदर आने की अनुमति नहीं दी। जब रोकने का कारण पूछा गया तो सुरक्षाकर्मियों ने बताया कि बिल्डर परमिंदर शर्मा ने उन्हें ऐसा करने से रोका है।
इसके बाद कांग्रेसी सोसाइटी के गेट पर बैठ गए और विधायक एनके शर्मा खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेसी उम्मीदवार ने आरोप लगाया कि सावित्री ग्रीन्स-2 सोसाइटी में 100 से अधिक मतदाता हैं। नियमों के अनुसार किसी भी पार्टी को प्रचार करने से रोका नहीं जा सकता है।
कोट्..
हमारी एसोसिएशन ने किसी राजनीतिक पार्टी को सोसाइटी में घर-घर जाकर प्रचार करने से नहीं रोका है। यह आदेश बिल्डर की ओर से जारी किए गए हैं। - संदीप चौधरी, अध्यक्ष, सावित्री ग्रीन्स-2, जीरकपुर।
इस तरह की कोई बात नहीं हैं। सोसायटी में रहने वाले लोगों ने ही कांग्रेसी नेताओं को प्रचार करने के लिए अंदर आने से मना किया था। - परमिंदर शर्मा, मैनेजिंग डायरेक्टर, सावित्री ग्रीन्स-2, जीरकपुर।